home page

कम लागत में स्वरोजगार की राह दिखा रहा अगरबत्ती-मोमबत्ती प्रशिक्षण

 | 

पौड़ी गढ़वाल, 19 सितंबर (हि.स.)।ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), पौड़ी में होममेड अगरबत्ती एवं कैंडल मेकिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाया जा रहा है। 12 से 23 सितंबर तक आयोजित प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को अगरबत्ती और मोमबत्ती बनाने की तकनीक के साथ उत्पादन से लेकर बाजार तक की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है।

प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को कच्चे माल का चयन, निर्माण प्रक्रिया, उत्पाद की गुणवत्ता, आकर्षक पैकेजिंग और विपणन की बारीकियां समझाई जा रही हैं। इसके साथ ही विभिन्न प्रकार की अगरबत्ती और मोमबत्तियां तैयार करने का व्यावहारिक अभ्यास भी कराया जा रहा है।

संस्थान का उद्देश्य प्रतिभागियों को ऐसा हुनर उपलब्ध कराना है, जिससे वे प्रशिक्षण पूरा करने के बाद कम लागत में घर से ही स्वरोजगार शुरू कर सकें। आरसेटी की ओर से ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं और महिलाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाने के लिए समय-समय पर विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह