home page

एचआरडीए : चार कालोनियों पर बुलडोजर एक्शन, एक व्यावसायिक निर्माण सील

 | 
एचआरडीए : चार कालोनियों पर बुलडोजर एक्शन, एक व्यावसायिक निर्माण सील


हरिद्वार, 07 अप्रैल (हि.स.)। हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण ने अनाधिकृत कॉलोनिओं व अवैध व्यावसायिक निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जहां रुड़की क्षेत्र में चार अवैध कॉलोनी मैं निर्माण कार्य को ध्वस्त किया है, वहीं ज्वालापुर क्षेत्र में एक व्यावसायिक परिसर को सील किया गया है।

प्राधिकरण के सचिव मनीष सिंह के अनुसार रुड़की के सालियर माधोपुर रोड पर त्यागी डेरी के सामने लगभग 20 बीघा क्षेत्रफल में, इसी रोड पर जनता सीमेंट स्टोर के सामने नोमान द्वारा लगभग 25 बीघा में अनधिकृत प्लॉटिंग विकसित की जा रही है। रुड़की के ढंडेरा में पानी की टंकी के पास जितेन्द्र राणा द्वारा लगभग 5 से 6 बीघा में और रुड़की के ढंडेरी ख्वाजगीपुर गाँव में नवनिर्मित शिव मंदिर के पीछे लगभग 4 से 5 बीघा में अनधिकृत प्लॉटिंग विकसित की जा रही है।

उन्होंने बताया कि प्राधिकरण में इन सभी अनाधिकृत प्लॉटिंग के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए वाद योजित किये गए है। निर्देशों के बावजूद भी अनाधिकृत निर्माणकर्ताओं द्वारा स्थल पर निर्माण कार्य बंद ना करने के कारण प्राधिकरण की शाखा कार्यालय रुड़की टीम द्वारा अवैध निर्माणों को जेसीबी की सहायता से पुलिस बल की उपस्थिति में ध्वस्त किया गया।

दूसरी ओर ज्वालापुर हरिद्वार में रेलवे फाटक के पास चंदवानी फर्नीचर के बराबर में श्रीमती मेघा अरोड़ा द्वारा लगभग किये जा रहे अनाधिकृत व्यवसायिक निर्माण को प्राधिकरण की टीम द्वारा पुलिस बल की उपस्थिति में सील किया गया। सभी अनाधिकृत निर्माणकर्ता को निर्देश दिए गए कि स्थल पर बिना मानचित्र स्वीकृत कराए आगे निर्माण कार्य ना किया जाए। अन्यथा अपराधिक कार्रवाई की जाएगी

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला