home page

उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय का एकादश दीक्षांत समारोह 18 को

 | 

हल्द्वानी , 15 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी का एकादश दीक्षांत समारोह आगामी 18 नवम्बर, 2026 को आयोजित किया जाएगा। समारोह में उत्तराखण्ड के माननीय राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. ढाल सिंह बिसेन मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होंगे। उत्तराखण्ड सरकार के माननीय उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

समारोह में राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद के अध्यक्ष एवं उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. नागेश्वर राव दीक्षांत उद्बोधन प्रदान करेंगे। इस अवसर पर विश्वविद्यालय की विद्या परिषद एवं कार्य परिषद के सदस्यगण भी उपस्थित रहेंगे।

दीक्षांत समारोह के दौरान विश्वविद्यालय द्वारा 36 शिक्षार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे।

इस अवसर पर प्रख्यात प्रशासनिक एवं प्रबंधकीय विशेषज्ञ तथा भारतीय रेल सेवा (1980 बैच) के सेवानिवृत्त अधिकारी श्री अश्वनी लोहनी को मानद उपाधि प्रदान की जाएगी। उन्होंने भारतीय रेल बोर्ड के अध्यक्ष, एयर इंडिया के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक तथा भारतीय पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक सहित अनेक महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए रेलवे, विमानन एवं पर्यटन क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया है।

विश्व की सबसे पुरानी चालू भाप इंजन रेलगाड़ी 'फेयरी क्वीन' के पुनरुद्धार एवं संचालन के लिए उन्हें गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में स्थान प्राप्त हुआ। चार अभियांत्रिकी विधाओं में डिग्री-समकक्ष योग्यताएँ अर्जित करने के लिए उनका नाम लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में भी दर्ज है। वर्तमान में वे नई दिल्ली स्थित प्रधानमंत्री संग्रहालय एवं पुस्तकालय सोसाइटी के निदेशक के रूप में कार्यरत हैं।

विश्वविद्यालय के विभिन्न शैक्षणिक कार्यक्रमों के अंतर्गत अध्ययन पूर्ण करने वाले कुल 14,857 शिक्षार्थियों को उपाधियाँ प्रदान की जाएँगी। समारोह में सहभागिता के लिए अब तक कुल 292 शिक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया है।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने कहा कि एकादश दीक्षांत समारोह विश्वविद्यालय की शैक्षणिक यात्रा का एक महत्वपूर्ण एवं गौरवपूर्ण अवसर है। दीक्षांत समारोह केवल उपाधियाँ प्रदान करने का आयोजन नहीं, बल्कि शिक्षार्थियों के परिश्रम, प्रतिबद्धता और शैक्षणिक उपलब्धियों के सम्मान का भी अवसर है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय राज्य के दूरस्थ, ग्रामीण एवं वंचित क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा की पहुँच सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। बदलते शैक्षणिक एवं तकनीकी परिवेश में विश्वविद्यालय नवाचार, डिजिटल शिक्षा, कौशल विकास और रोजगारपरक पाठ्यक्रमों को प्राथमिकता देते हुए शिक्षा को अधिक समावेशी एवं विद्या

र्थी-केंद्रित बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने सभी उपाधि प्राप्त करने वाले शिक्षार्थियों को बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे अपने ज्ञान, कौशल एवं अनुभव से समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के लिए दीक्षांत समारोह शिक्षार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों के सम्मान और उनकी अकादमिक यात्रा के एक महत्वपूर्ण पड़ाव का अवसर है। विश्वविद्यालय मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से उच्च शिक्षा को अधिक सुलभ एवं समावेशी बनाने तथा राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों तक शैक्षणिक अवसरों का विस्तार करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

विश्वविद्यालय परिवार सभी उपाधि प्राप्तकर्ताओं एवं उनके अभिभावकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित करता है तथा समारोह में सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करता है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता