उत्तराखंड की सीएमएसएसवाई योजना का अध्ययन करने पहुंची उत्तर प्रदेश की टीम
देहरादून, 17 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाएं, अन्य राज्यों के लिए भी उदाहरण बन रही हैं। इसी क्रम में शनिवार को उत्तर प्रदेश राज्य श्रम विभाग के अपर श्रम आयुक्त श्री जुनैद के नेतृत्व में आई टीम ने उत्तराखण्ड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अधिकारियों के साथ बैठक कर सीएमएसएसवाई के अंतर्गत पंजीकृत श्रमिकों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य जांच सुविधाओं तथा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के विभिन्न पहलुओं को समझा।
उत्तर प्रदेश से आई टीम ने योजना की रूपरेखा, तकनीकी व्यवस्था, संचालन प्रक्रिया एवं प्रमुख विशेषताओं की जानकारी प्राप्त की। बैठक श्रमायुक्त प्रकाश चन्द्र दुम्का (उत्तराखंड सरकार) ने उत्तर प्रदेश से आए अधिकारियों को योजना की जानकारी प्रदान दी। उन्होंने बताया किसी एमएसएसवाई का उद्देश्य पंजीकृत निर्माण श्रमिकों एवं उनके पात्र आश्रितों को स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराना, गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान करना व आवश्यकता के अनुसार उपचार हेतु उचित चिकित्सा परामर्श एवं रेफरल की व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
श्रमायुक्त ने बताया कि योजना को राज्य में उपलब्ध व्यवस्थाओं एवं संसाधनों के प्रभावी उपयोग के माध्यम से संचालित किया जा रहा है। बिना किसी पूंजीगत निवेश के अब तक लगभग 60,000 पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को योजना के अंतर्गत स्वास्थ्य जांच की सुविधा से आच्छादित किया जा चुका है। यह उपलब्धि सीमित अतिरिक्त संसाधनों में तकनीकी नवाचार, बेहतर प्रबंधन एवं प्रभावी समन्वय के माध्यम से श्रमिक कल्याण सेवाओं को व्यापक स्तर पर पहुंचाने का उदाहरण है।
श्रमायुक्त ने कहा कि उत्तराखण्ड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित सीएमएसएसवाई योजना श्रमिक कल्याण के क्षेत्र में राज्य की एक महत्वपूर्ण पहल है। योजना का उद्देश्य केवल स्वास्थ्य परीक्षण तक सीमित न रहकर श्रमिकों में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाना, संभावित गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान करना तथा उन्हें आवश्यक चिकित्सा सहायता से जोड़ना भी है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

