उत्तराखंड का आपदा प्रबंधन मॉडल अनुकरणीय : कर्नल शाही
देहरादून, 28 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के निर्देशों के क्रम में राज्य में आपदा प्रबंधन की तैयारियों को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) एवं राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की संयुक्त टीम ने उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) का दौरा किया।
बैठक के दौरान राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) के संयुक्त सलाहकार कर्नल संजीव कुमार शाही ने उत्तराखण्ड के आपदा प्रबंधन मॉडल की सराहना करते हुए इसे उत्कृष्ट एवं देश के अन्य राज्यों के लिए अनुकरणीय मॉडल बताया। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड ने आपदा जोखिम न्यूनीकरण, पूर्व चेतावनी प्रणाली, संस्थागत समन्वय तथा तकनीक आधारित आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं, जिन्हें राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनाया जा सकता है। कर्नल शाही ने यूएसडीएमए द्वारा संचालित विभिन्न परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने राज्य में हाइड्रोमेट नेटवर्क के विस्तार की दिशा में किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि समयबद्ध एवं सटीक पूर्व चेतावनी प्रणाली विकसित करने में इसका महत्वपूर्ण योगदान होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

