उक्रांद ने हेलंग-मारवाड़ी बाईपास निर्माण पर उठाए सवाल
गोपेश्वर, 04 अगस्त (हि.स.)। उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) ने हेलंग-मारवाड़ी बाईपास निर्माण कार्य में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो जनहित और पर्यावरण संरक्षण को लेकर आंदोलन किया जाएगा।
मंगलवार को उक्रांद के जिला महामंत्री सुबोध बिष्ट और कार्यकारी अध्यक्ष पंकज पुरोहित ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य के दौरान बिना स्वीकृत डंपिंग जोन के मलबा सीधे अलकनंदा नदी में डाला जा रहा है। इससे नदी और पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंच रहा है।
उक्रांद नेताओं ने यह भी कहा कि क्षेत्र में लगातार ब्लास्टिंग की जा रही है, जबकि ऊपर स्थित जोशीमठ नगर पहले से ही भू-धंसाव जैसी गंभीर समस्या से जूझ रहा है। उनका कहना है कि ऐसे संवेदनशील क्षेत्र में भारी विस्फोट स्थानीय लोगों की सुरक्षा और पर्यावरण दोनों के लिए चिंता का विषय हैं।
दल ने मांग की कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए, अवैध डंपिंग और अनियंत्रित ब्लास्टिंग पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा दोषी एजेंसियों और अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही निर्माण कार्य पर्यावरणीय नियमों, न्यायालय और संबंधित प्राधिकरणों के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कराया जाए। उन्होंने कहा कि यदि इन शिकायतों पर शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन जनहित और पर्यावरण संरक्षण के मुद्दे पर आंदोलन शुरू करेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / जगदीश पोखरियाल

