home page

आत्महत्या के इरादे से गंगा में कूदी महिला को पुलिस ने बचाया

 | 

हरिद्वार, 07 नवंबर (हि.स.)। चंडीघाट स्थित नमामि गंगे घाट पर गंगा में कूदकर आत्महत्या का प्रयास करने वाली महिला को श्यामपुर पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बचा लिया। इसके बाद पुलिस ने सोशल मीडिया और कई जिलों में संपर्क कर उसकी पहचान तलाश की और फिर मथुरा से आये उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

कोतवाली प्रभारी श्यामपुर नितेश शर्मा ने बताया कि 5 नवंबर को नमामि गंगे घाट पर एक महिला के गंगा में कूदने की सूचना मिली थी। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से महिला को नदी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

चौकी लाने पर महिला अपना नाम-पता बताने को तैयार नहीं थी और बचाए जाने से नाराज होकर बार-बार जान देने की बात कह रही थी। उसकी मानसिक स्थिति को देखते हुए पुलिस ने उसे समझाने का प्रयास किया और प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा।

पहचान न होने पर पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से महिला की फोटो और जानकारी साझा की। साथ ही आसपास के जिलों की पुलिस से भी संपर्क किया। लगातार खोजबीन के बाद मथुरा के बलदेव थाना क्षेत्र के भरतिया गांव निवासी दलवीर सिंह से संपर्क हुआ। उन्होंने महिला की पहचान अपनी पत्नी रंजिता के रूप में की।

दलवीर सिंह ने बताया कि रंजिता मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं और 4 नवंबर को बिना बताए घर से निकल गई थीं। इसके बाद पुलिस ने सभी आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर महिला को शुक्रवार को उसके पति के साथ मथुरा रवाना कर दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला