home page

अपहरण और दुष्कर्म का फरार आरोपित गिरफ्तार

 | 
अपहरण और दुष्कर्म का फरार आरोपित गिरफ्तार


हरिद्वार, 09 मार्च (हि.स.)। नाबालिग लड़की का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म करने के मामले में फरार चल रहे आरोपित को सिडकुल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर दबोचते हुए उसके खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 20 फरवरी को उत्तर प्रदेश के पांडुवा बसंत खेड़ा निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि उसकी नाबालिग पुत्री को एक अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया है। शिकायत के आधार पर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया और मामले की जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने 27 फरवरी को अपहृत नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर मामले में रोहित की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद से आरोपित फरार चल रहा था।

पुलिस टीम ने तकनीकी और इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से आरोपित की लोकेशन ट्रेस की। इसके बाद आज आरोपित को पाल मार्केट के पास स्थित खाली मैदान, रावली महदूद क्षेत्र से आरोपी रोहित को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपित की पहचान रोहित पुत्र वेद प्रकाश निवासी ग्राम नकटी नारायणपुर गुराडिया, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) हाल निवासी रोशनाबाद थाना सिडकुल, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस ने विधिक कार्यवाही करते हुए आरोपित का चालान कर दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला