अंतरराष्ट्रीय ओजोन परत संरक्षण दिवस पर 250 विद्यार्थियों ने लिया भाग
नैनीताल, 16 सितंबर (हि.स.)। प्रत्येक वर्ष 16 सितंबर को अंतरराष्ट्रीय ओजोन परत संरक्षण दिवस मनाया जाता है। इस अवसर पर बुधवार को नैनीताल प्राणी उद्यान के सभागार में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्राणी उद्यान के निदेशक एवं नैनीताल वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी आकाश गंगवार के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम का विषय ‘ग्लोबल एक्शन फॉर अ कूलर प्लेनेट’ रहा। इसमें विभिन्न विद्यालयों के लगभग 250 छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।
इस दौरान कक्षा 3 से 5 तक के विद्यार्थियों के लिए समूह चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने हाथ और अंगूठे की छाप से विभिन्न आकृतियां बनाईं। कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए कहानी वाचन प्रतियोगिता हुई।
इसमें सेंट मैरी कॉन्वेंट कॉलेज की प्रत्युशा जोशी ने प्रथम, मोहन लाल साह बाल विद्या मंदिर की आलीमा नफीज ने द्वितीय तथा बिशप शॉ इंटर कॉलेज की जय सौम्या ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। लौंग व्यू पब्लिक स्कूल के मनीष भट्ट व शिवांश लोहनी को सांत्वना पुरस्कार मिला। कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें चेतराम साह ठुलघरिया इंटर कॉलेज के विराट कनवाल प्रथम, सेंट मैरी कॉन्वेंट कॉलेज की मैत्रीय जोशी द्वितीय तथा राधा चिल्ड्रन एकेडमी की साक्षी बिष्ट तृतीय रहीं।
ऑल सेंट्स कॉलेज की वैदही कपूर और मोहन लाल साह बाल विद्या मंदिर की वरनीता पांडे को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। कहानी वाचन और भाषण प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डीएसबी कॉलेज के वनस्पति विज्ञान विभाग के डॉ. नवीन पांडे तथा जंतु विज्ञान विभाग के डॉ. संदीप दत्त मंडोली रहे। कार्यक्रम का संचालन प्राणी उद्यान के जीव विज्ञानी अनुज कांडपाल ने किया। इस अवसर पर उपनिदेशक स्वाति, वन आरक्षी नीरज कुमार व पवन कुमार, सिस्टम एनालिस्ट आनंद सिंह, अनुज पांडे, पूरन सिंह सहित प्राणी उद्यान के कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

