अंको के स्थान पर ग्रेडिंग सिस्टम का किया विरोध
पौड़ी गढ़वाल, 27 फ़रवरी (हि.स.)। घुड़दौड़ी इंजीनियरींग कॉलेज परिसर में अंको के स्थान पर ग्रेडिंग सिस्टम लागू करने से नाराज छात्रों ने संस्थान में प्रदर्शन किया। इस दौरान छात्रों ने कहा कि छात्रों की मुख्य चिंता वर्तमान अंक-से-ग्रेड पॉइंट रूपांतरण प्रणाली को लेकर है, जो कई राष्ट्रीय संस्थानों की तुलना में अधिक सख्त है।
कहा कि अंको के स्थान पर ग्रेडिंग सिस्टम लागू होने से यहाँ के छात्रों को समान प्रतिशत अंक होने के बावजूद काफी कम सीजीपीए मिल रहा है, जिसका प्रभाव प्लेसमेंट और उच्च शिक्षा के अवसरों पर पड़ रहा है।
शुक्रवार को परिसर में धरना प्रदर्शन करते हुए छात्र-छात्राओं ने कहा कि शासन ने वर्ष 2022 में अंक के स्थान पर ग्रेडिंग सिस्टम लागू किया। लेकिन यह ग्रेडिंग सिस्टम राष्ट्रीय ग्रेडिंग सिस्टम के अनुरुप नहीं है। बताया कि विवि प्रशासन ने छात्रों पर अपना ग्रेडिंग सिस्टम थोपने का काम किया है। छात्राओं ने कहा कि ग्रेडिंग सिस्टम से करियर पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है।
जिससे छात्रों के साथ-साथ उनके परिजनों को मानसिक प्रताड़ना झेलनी पड़ रही है। ग्रेडिंग सिस्टम के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों से संस्थान प्रशासन ने वार्ता की। छात्रों ने विवि के ग्रेडिंग सिस्टम की खामियों को उनके सामने रखा। प्रभारी निदेशक प्रो. केकेएस मेर ने बताया कि संस्थान प्रशासन छात्रहित के लिए प्रयासरत है। विवि प्रशासन के सामने पहले ही यह समस्या रखी गई है। होली पर्व के संस्थान के एक कमेटी छात्रों के साथ विवि प्रशासन से वार्ता को जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

