home page

कोसी नदी से युवक का शव बरामद, हत्या या हादसा? जांच में जुटी पुलिस

 | 
कोसी नदी से युवक का शव बरामद, हत्या या हादसा? जांच में जुटी पुलिस


नैनीताल, 11 मई (हि.स.)। अल्मोड़ा-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर नैनीताल जनपद के खैरना बाजार के समीप कोसी नदी में एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, पुलिस और पीआरडी की टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर शव को नदी से बाहर निकाला। प्रथम दृष्टया युवक की मृत्यु के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं, जिसके चलते मामला संदिग्ध बना हुआ है।

भवाली कोतवाली से प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार को पीआरडी जवान चंदन सिंह ने खैरना चौकी पुलिस और एसडीआरएफ को रानीखेत पुल के नीचे नदी क्षेत्र में एक अज्ञात शव दिखाई देने की सूचना दी। सूचना पर पहुंची टीम ने कठिन परिस्थितियों में रेस्क्यू अभियान चलाकर शव को मुख्य मार्ग तक पहुंचाया। पुलिस को मृतक की तलाशी के दौरान उसकी जेब से आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त हुआ, जिसके आधार पर मृतक की पहचान 41 वर्षीय दिनेश कुमार पुत्र बची राम निवासी ग्राम ठाट, लमगड़ा, जनपद अल्मोड़ा के रूप में हुई।

घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में शोक छा गया। परिजनों ने बताया कि दिनेश नैनीताल जनपद के ज्योलीकोट क्षेत्र स्थित एक निजी विद्यालय में सुरक्षाकर्मी के रूप में कार्यरत थे। वह खैरना क्षेत्र तक कैसे पहुंचे और उनकी मृत्यु दुर्घटना में हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। क्वारब चौकी प्रभारी मनोज अधिकारी ने शव का पंचायतनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

भवाली कोतवाल प्रकाश मेहरा ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है तथा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी