home page

युवा केवल नौकरी खोजने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले बनेंः धामी

 | 
युवा केवल नौकरी खोजने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले बनेंः धामी


युवा केवल नौकरी खोजने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले बनेंः धामी


युवा केवल नौकरी खोजने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले बनेंः धामी


नई टिहरी, 13 सितंबर (हि.स.)। एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय के चौरास परिसर स्थित प्रेक्षागृह में मेरे सपनों का उत्तराखंड विषय पर मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन कार्यक्रम आयोजित किया गया। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशभर के विद्यार्थियों से संवाद कर उनके विचारों, सुझावों और भविष्य के उत्तराखंड को लेकर उनकी परिकल्पनाओं को जाना। कहा कि सरकार युवाओं को फोकस में रखकर कई महत्वपूर्ण योजनाएं चला रही हैं।

खासकर उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्लेटफार्म दे रहे हैं। सीएम ने देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी के भारत दर्शन कार्यक्रम की सराहना करते हुए प्रतिभागी बच्चों के साथ वार्ता भी की।

रविवार को कीर्तिनगर स्थित चौरास परिसर में मुख्यमंत्री धामी ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए मार्गदर्शन किया। कहा कि विद्यार्थियों की ऊर्जा, सोच और विकसित उत्तराखंड के प्रति उनकी प्रतिबद्धता उत्साहवर्धक है। भावी पीढ़ी को सशक्त, आत्मनिर्भर और जागरूक बनाना सरकार की प्राथमिकता है। उनके विचार और सुझाव उत्तराखंड के विकास की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। कहा मेरे सपनों का उत्तराखंड अभियान को युवाओं का व्यापक समर्थन मिला है। अभियान के तहत प्रदेशभर से 2 लाख 67 हजार 744 विद्यार्थियों ने निबंध व विचार भेजे हैं।

विद्यार्थियों ने इतने अच्छे निबंध लिखे हैं कि यह निर्णय करना कठिन है कि बेहतर और उत्कृष्ट किसने लिखा है। रुद्रप्रयाग की कक्षा 11 की छात्रा सीमा सेमवाल ने पलायन विषय पर अपने निबंध के बारे में बताया कि इसे दो-तीन दिनों में लिखा। पलायन इसलिए विषय बनाया, क्योंकि उन्होंने इसे स्वयं महसूस किया है। जिस पर सीएम ने कहा कि हमारे यहां स्थायी और अस्थायी पलायन है। शिक्षा और रोजगार के लिए घर से दूर जाना हमेशा नकारात्मक नहीं होता। बाहर जाकर पढ़ने और सीखने से युवाओं को अनुभव और एक्सपोजर मिलता है। पहाड़ों में माताओं-बहनों को कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। देवप्रयाग की श्रेया सेमवाल ने पहाड़ रहें, अपने रहें, मेरे सपने रहें विषय पर अपने विचार रखे।

वहीं जीआईसी पौड़ी की प्रिया ने विकसित उत्तराखंड पर सीएम के कहा विकसित भारत तभी बनेगा, जब हर गांव, हर जिला और हर राज्य विकसित होगा। तमन्ना ने पलायन और खेती, सृष्टि ने सरकारी स्कूलों और अस्पतालों पर लोगों के भरोसे से जुड़े सवाल उठाए। रुद्रप्रयाग की अनुष्का ने पलायन रोकने पर लिखा। सीएम शामी ने युवाओं से कहा कि वे केवल नौकरी खोजने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले बनने का लक्ष्य रखें।

इशिका नेगी, गौरव बिष्ट ने पर्यटन, पर्यावरण संरक्षण और चारधाम यात्रा से जुड़े विषयों पर अपने सुझाव साझा किए। मुकेश कुशवाहा ने स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए छोटे-छोटे गांवों तक हेली एंबुलेंस जैसी सुविधा पहुंचाने, विद्यालय स्तर पर कौशल विकास की ट्रेनिंग दिए जाने का सुझाव दिया।

सीएम धामी ने युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान किया। देश का भविष्य युवा हैं और भविष्य का उत्तराखंड एवं भारत युवाओं के सपनों, संकल्प और मेहनत से बनेगा। कार्यक्रम के दौरान अदिति गौतम ने मुख्यमंत्री को उनकी बनाई हुई चित्रकृति भेंट की गई। वहीं कार्यक्रम में बेहतर सहभागिता के लिए नोडल अधिकारी व डीईओ (बेसिक) अंशुल बिष्ट को सम्मानित किया। निबंध में विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत निबंध लेखन भागीदारी के लिए रुद्रप्रयाग के डीएम विशाल मिश्रा को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन नेहा अग्रवाल और डॉ राहुल अग्रवाल ने किया। मौके पर जिलाधिकारी टिहरी नितिका खंडेलवाल, एसएसपी श्वेता चौबे, सीडीओ वरुणा अग्रवाल मौजूद थे।

फोटो-13एनटीएच04-05

गढ़वाल विवि के टिहरी स्थित चौरास परिसर में विद्यार्थियों के साथ मंथन करते सीएम पुष्कर सिंह धामी।

फोटो।

फोटो-13एनटीएच06

गढ़वाल विवि के टिहरी स्थित चौरास परिसर में रूद्रप्रयाग के डीएम को सम्मानित करते सीएम पुष्कर सिंह धामी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी