नैनी झील में युवक ने लगाई छलांग, नाव चालकों व पुलिस ने बचाई जान
नैनीताल, 09 अप्रैल (हि.स.)। सरोवर नगरी में एक युवक द्वारा नैनी झील में कूदकर आत्मघाती प्रयास करने का मामला सामने आया, जिसे नाव चालकों व पुलिस की तत्परता से समय रहते बचा लिया। घटना प्रातः लगभग 11.30 बजे की बताई जा रही है। युवक की पहचान तल्ला गोरखपुर हल्द्वानी निवासी मृदुल कृष्ण पांडे पुत्र स्वर्गीय नवीन चंद्र पांडे के रूप में हुई है।
बताया गया है कि युवक मानसिक तनाव में था। उसने आज नैनी झील में सैर के नाम पर पैडल बोट ली और झील में कुछ दूर आगे जाकर नौका से अचानक झील में कूद गया। घटना की सूचना मिलते ही नाव चालक जावेद ने अन्य नाव चालकों को सतर्क किया, जिसके बाद नाव चालक संघ के उप सचिव विजय एवं विनोद ने सूझबूझ के साथ युवक को झील से बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने भी राहत कार्य में सहयोग किया।
झील से बाहर निकालने के बाद युवक अत्यधिक ठंड से कांप रहा था, जिस पर नाव चालकों एवं उप निरीक्षक सुनील कुमार आदि ने मानवता का परिचय देते हुए उसके लिये कपड़ों की व्यवस्था की व पुलिस चौकी पर लाकर उसे हीटर भी सेकने के लिये उपलब्ध कराया। पुलिस के अनुसार युवक को सुरक्षित बचा लिया गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। प्रारंभिक जानकारी में युवक के मानसिक तनाव में होने व स्वास्थ्य संबंधी समस्या की संभावना जताई जा रही है। उसकी मां ने उसे अक्सर चक्कर आने की जानकारी दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

