home page

रुद्राक्ष का पौधा राेपित कर जिलाधिकारी ने दिया हरित भविष्य का संदेश

 | 
रुद्राक्ष का पौधा राेपित कर जिलाधिकारी ने दिया हरित भविष्य का संदेश


सिडकुल में 9 हजार पौधों वाला बायोडायवर्सिटी पार्क बना पर्यावरण संरक्षण का मॉडल

हरिद्वार, 05 जून (हि.स.)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर हरिद्वार जनपद में चल रही हरित हरिद्वार मुहिम को आगे बढ़ाते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सिडकुल स्थित लीग्रैंड बायोडायवर्सिटी पार्क में रुद्राक्ष का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में जनपद को हराभरा बनाने और वृक्षारोपण को जन आंदोलन का रूप देने का आह्वान किया गया।

जिलाधिकारी ने विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं देते हुए जनपदवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनकी सुरक्षा और संवर्धन की जिम्मेदारी भी सभी को निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के लिए यदि कहीं पेड़ों का कटान होता है तो उसकी भरपाई के लिए उससे अधिक संख्या में पौधे लगाए जाने चाहिए।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने बताया कि हरिद्वार को हराभरा बनाने के उद्देश्य से गिवमीट्रीज ट्रस्ट और इंडो एशियन कंपनी के सहयोग से सिडकुल क्षेत्र में लीग्रैंड बायोडायवर्सिटी पार्क विकसित किया गया है। पार्क में लगभग 9 हजार पौधों का रोपण किया जा चुका है, जिससे क्षेत्र की जैव विविधता को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने विभिन्न औद्योगिक इकाइयों, संस्थाओं और सामाजिक संगठनों से भी अपील की कि वे खाली पड़ी भूमि को विकसित कर वृक्षारोपण करें और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

कार्यक्रम में आरएम सिडकुल कमल किशोर फर्त्याल ने बताया कि सिडकुल द्वारा पार्क के विकास के लिए भूमि उपलब्ध कराई गई, जबकि इंडो एशियन कंपनी ने अपनी सीएसआर योजना के तहत पार्क का विकास कराया। उन्होंने बताया कि वन विभाग के सहयोग से अब तक 9 हजार से अधिक वृक्ष लगाए जा चुके हैं तथा विश्व पर्यावरण दिवस पर 300 से अधिक नए पौधों का रोपण किया गया।

गिव मी ट्रीज ट्रस्ट के प्रोजेक्ट हेड जगदीप ठाकुर ने बताया कि ट्रस्ट पिछले 51 वर्षों से वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट आगामी तीन वर्षों तक इस पार्क की देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी निभाएगा।

इस अवसर पर सहायक आयुक्त श्रम प्रशांत कुमार, परियोजना निदेशक नलिनीत घिल्डियाल, एसडीओ वन विभाग पूनम कैंथोला, इंडो एशियन कंपनी के जीएम सरनजीत सिंह, एलजा इंटरनेशनल के एमडी अश्वनी कपूर, यूके मेटल के चेयरमैन राजेन कटोरे, प्लांट हेड ए.के. वर्मा, एकम्स के जीएम (एचआर) के.डी. शर्मा, प्रवेश पवार, एच.पी. नौटियाल सहित विभिन्न कंपनियों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला