home page

डायट में मॉडल प्रश्न पत्र और सहायक सामग्री बनाने की कार्यशाला संपन्न

 | 
डायट में मॉडल प्रश्न पत्र और सहायक सामग्री बनाने की कार्यशाला संपन्न


नई टिहरी, 19 सितंबर (हि.स.)। एससीईआरटी (राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद) उत्तराखंड की ओर से वर्ष 2023 से जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) टिहरी को हाईस्कूल की विज्ञान और भौतिक विज्ञान विषय का एक्सीलेंसी सेंटर बनाया गया है। जिसका कार्य राज्य स्तर पर इन दोनों विषयों पर सहायक सामग्री को तैयार करना है। शनिवार को हाईस्कूल की विज्ञान और भौतिक विज्ञान विषय के मॉडल पेपर तैयार करने को लेकर आयोजित पांच दिवसीय कार्यशाला का डायट सभागार में समापन हो गया। जिसमें विशेषज्ञ शिक्षकों की ओर से तैयार किए जाने वाले मॉडल पेपरों को जनपद के सभी माध्यमिक स्कूलों को पांच-पांच प्रतियां उपलब्ध कराई जाएंगी।

वहीं प्रत्येक जनपद को इनकी सॉफ्ट कॉपी दी जाएंगी। प्रभारी प्राचार्य दीपक रतूड़ी ने बताया कि बीते तीन वर्ष से संस्थान दोनों विषयों में मॉडल प्रश्नपत्र के साथ-साथ सहायक सामग्री का निर्माण कर रहा है। ताकि समय से बच्चे तैयारी कर इन विषयों में दक्ष हो जाएं। कार्यशाला में एक्सपर्ट के तौर पर जगदंबा प्रसाद पांडेय, प्रमोद बिजल्वाण, सुरेंद्र मोहन उनियाल, कुसुम राणा, प्रीति थपलियाल ने विज्ञान जबकि मनमोहन कठैत और विपुल घिल्डियाल ने भौतिक विज्ञान विषय के मॉडल प्रश्नपत्र बनाने में प्रतिभाग किया।

उन्होंने तत्परता से मॉडल प्रश्न पत्र बनाकर छात्रों को इन विषयों को कठिन समझने की बजाए लगातार प्रैक्टिस से सवालों का हल करने और ट्रिक से समझने की अपील भी की। इस मौके पर डायट के समन्वयक डॉ. मनवीर सिंह नेगी, डॉ. वीर सिंह रावत आदि मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी