पौड़ी में 60 पुरुष होमगार्ड पदों का परीक्षा परिणाम घोषित, अभ्यर्थियों का इंतजार खत्म
पौड़ी गढ़वाल, 10 नवंबर (हि.स.)। जनपद पौड़ी गढ़वाल में पुरुष होमगार्ड के 60 पदों पर भर्ती प्रक्रिया का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया गया है। शारीरिक दक्षता परीक्षा और शैक्षिक योग्यता के आधार पर तैयार की गई चयन सूची जारी होने के साथ ही भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को परिणाम मिल गया है।
जिला कमांडेंट होमगार्ड्स विनोद सिंह ने बताया कि जनपद में पुरुष होमगार्ड के कुल 60 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया आयोजित की गई थी। इनमें अनारक्षित श्रेणी के 30, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के छह, अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के 19 और अनुसूचित जनजाति (एसटी) के पांच पद शामिल थे।
उन्होंने बताया कि भर्ती के तहत 6 से 23 जून 2026 तक पौड़ी के रांसी खेल मैदान में शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की गई थी। इसके बाद अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता, शैक्षिक योग्यता और निर्धारित मानकों के आधार पर प्राप्तांकों का मूल्यांकन कर अंतिम परिणाम जारी किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

