home page

कौशल विकास कार्यक्रमों, कार्यशालाओं, संगोष्ठियों को बढ़ावा देने के लिए एमओयू

 | 

पौड़ी गढ़वाल, 28 मई (हि.स.)। राजकीय व्यावसायिक महाविद्यालय पैठाणी, राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान हरिद्वार के मध्य छात्र हित में शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। जिसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं संकाय सदस्यों के लिए कौशल विकास कार्यक्रमों, कार्यशालाओं, संगोष्ठियों, इंटर्नशिप, फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम व अन्य शैक्षणिक एवं तकनीकी गतिविधियों को बढ़ावा देना है।

महाविद्यालय के प्राचार्य डा. विजय कुमार अग्रवाल व महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डा. प्रकाश फोंदणी ने बताया कि यह सहयोग विद्यार्थियों को उद्योगोन्मुख प्रशिक्षण, तकनीकी दक्षता एवं रोजगारपरक कौशल प्रदान करने में सहायक सिद्ध होगा। महाविद्यालय के प्राध्यापक डा. सतवीर सिंह ने कहा कि वर्तमान उच्च शिक्षा परिदृश्य में ऐसे शैक्षणिक समझौता ज्ञापन अत्यंत आवश्यक हैं, इनके माध्यम से विद्यार्थियों को केवल सैद्धांतिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि व्यावहारिक एवं उद्योगोन्मुख अनुभव भी प्राप्त होता है।

कहा कि संस्थानों एवं तकनीकी संगठनों के मध्य सहयोग से विद्यार्थियों की रोजगारपरक दक्षताओं का विकास होता है और नेक आधारित गुणवत्ता शिक्षा एवं कौशल विकास को नई दिशा मिलती है। महाविद्यालय के प्राध्यापक डा. कुमार गौरव जैन ने कहा कि यह समझौता ज्ञापन विद्यार्थियों के लिए तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगारपरक प्रशिक्षण के नए अवसर उपलब्ध कराएगा और भविष्य में दोनों संस्थानों के मध्य अकादमिक सहयोग को और अधिक सुदृढ़ करेगा।

इस मौके पर राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान हरिद्वार के निदेशक अनुराग गुप्ता ने कहा कि वर्तमान समय में तकनीकी शिक्षा एवं डिजिटल कौशल का महत्व अत्यधिक बढ़ गया है। कहा कि यह समझौता केवल दो संस्थानों के मध्य एक औपचारिक समझौता नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य, कौशल विकास एवं रोजगारपरक शिक्षा को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह सहयोग विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण, इंडस्ट्री ओरिएंटेड लर्निंग एवं डिजिटल स्किल्स से जोड़ने में मील का पत्थर सिद्ध होगा। इस मौके पर डा. सुनीता कंडारी, डा. संजय कुमार, अभिषेक शुक्ला, डा. दिनेश रावत, डा. कल्पना रावत, डा. पुनीत चंद्र वर्मा, डा. खिलाप सिंह, डा. उर्वशी, डा. आलोक कंडारी आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह