home page

वन्य प्राणी सप्ताह: बच्चों ने फैन्सी ड्रेस से दिया वन्य जीवों के संरक्षण का संदेश

 | 
वन्य प्राणी सप्ताह: बच्चों ने फैन्सी ड्रेस से दिया वन्य जीवों के संरक्षण का संदेश


नैनीताल, 07 अक्टूबर (हि.स.)। वन्य प्राणी सप्ताह 2026 के अवसर पर बुधवार को नैनीताल प्राणी उद्यान में फैन्सी ड्रेस एवं संरक्षण मॉडल डिजाइन प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्राणी उद्यान के निदेशक एवं नैनीताल के प्रभागीय वनाधिकारी आकाश गंगवार के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम के पहले सत्र में कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों के लिए फैन्सी ड्रेस प्रतियोगिता हुई। इसमें नन्हे विद्यार्थियों ने वन्यजीवों की वेशभूषा में प्रस्तुतियां देकर वन्यजीव संरक्षण का संदेश दिया।

वहीं दूसरे सत्र में कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए संरक्षण मॉडल डिजाइन प्रतियोगिता आयोजित हुई। विद्यार्थियों ने अपशिष्ट कागज, बोतल और कार्डबोर्ड आदि से वन्यजीव, मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व और सतत आवास पर आधारित कार्यात्मक मॉडल बनाए। प्रतियोगिताओं में विभिन्न विद्यालयों के 60 विद्यार्थियों ने भाग लिया। संचालन संचालन डॉ. रजनी रावत व अनुज कांडपाल ने किया।

इस अवसर पर नैनीताल वन प्रभाग के विभिन्न विद्यालयों के कुल 220 विद्यार्थियों को प्राणी उद्यान का निःशुल्क भ्रमण भी कराया गया। कार्यक्रम में उप निदेशक स्वाति, वन क्षेत्राधिकारी आनंद लाल सहित वन विभाग एवं प्राणी उद्यान के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी