home page

नो व्हीकल डे पर पैदल कार्यालय पहुंचकर दिया पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत का संदेश

 | 

पौड़ी गढ़वाल, 15 मई (हि.स.)। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार व प्राधिकरण की सचिव एवं सिविल जज (सीनियर डिवीजन) नाज़िश कलीम के निर्देशन में शुक्रवार को “सुरक्षित ईंधन-सुरक्षित जीवन” अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।

अभियान के तहत “नो व्हीकल डे” मनाते हुए प्राधिकरण के अधिकारियों व कर्मचारियों ने अपने-अपने आवास से कार्यालय तक पैदल पहुंचकर पर्यावरण संरक्षण, ईंधन बचत एवं स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया।

इस दौरान आमजन को वाहनों के अत्यधिक उपयोग से बढ़ते पर्यावरण प्रदूषण और उसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरुक किया गया। साथ ही लोगों को अधिक से अधिक पैदल चलने, सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने तथा पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय सहभागिता निभाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन में स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ ईंधन संरक्षण के महत्व को जन-जन तक पहुंचाना रहा।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि ईंधन संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा आज समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। छोटे-छोटे प्रयासों के माध्यम से भी प्रदूषण को कम करने और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।

इस अवसर पर चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल कमल प्रसाद बमराड़ा, असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल विनोद कुमार, रिटेनर अधिवक्ता गजेन्द्र सिंह आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह