सिक्किम में शहीद हुए विकास को पिथौरागढ़ में श्रद्धांजलि
पिथौरागढ़, 03 अप्रैल (हि.स.)। जनपद के गांव गणकोट (सुकौली) निवासी वीर सपूत विकास कुमार को शुक्रवार काे जिलाधिकारी और जनप्रतिनिधियों ने भावभीनी श्रद्धांजलि दी। 19 कुमाऊं रेजिमेंट में तैनात विकास कुमार सिक्किम में कर्तव्य पालन के दौरान देश के लिए बलिदान हाे गए थे।
भारतीय सेना के 19 कुमाऊ रेजिमेंट में तैनात वीर जवान विकास कुमार की तैनाती सिक्किम में थी। इस बहादुर सिपाही की शहादत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। उनके पैतृक गांव गणकोट (सुकौली) में मातम का माहौल है।
परिजनों और ग्रामीणों की आंखें नम हैं, वहीं उनके हृदय में गर्व भी है कि उनका बेटा देश की रक्षा करते हुए शहीद हुआ। विकास का सर्वोच्च बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा और आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति के लिए प्रेरित करता रहेगा।
जिलाधिकारी ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुःख की घड़ी में पूरा प्रशासन उनके साथ खड़ा है। ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें व परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें। शहीद विकास कुमार अपने पीछे माता-पिता, पत्नी, भाई व एक 8 माह के शिशु को छोड़ गए हैं।
महापौर कल्पना देवलाल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विरेंद्र सिंह बोहरा उपजिलाधिकारी जितेंद्र वर्मा सहित अधिकारियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी शहीद को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके बलिदान को नमन किया।
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष दरियाल

