दूध-दही से लदा शीत वाहन खाई में गिरा, चालक घायल
नैनीताल, 05 अक्टूबर (हि.स.)। हल्द्वानी-नैनीताल राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे जंगल में सोमवार को दूध, दही, घी और पनीर सहित अन्य दुग्ध उत्पाद बिखरे दिखाई दिए। पता चला कि सुबह करीब साढ़े चार बजे हल्द्वानी से नैनीताल की ओर दुग्ध उत्पाद लेकर जा रहा आनंदा दूध डेयरी का शीत वाहन दो गांव से आगे अनियंत्रित होकर लगभग 100 फीट गहरी खाई में गिर गया।
वाहन संख्या यूके04सीए-9728 के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना पर ज्योलीकोट चौकी से पुलिसकर्मी मलकीत सिंह, अनूप सिंह और प्रदीप सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से चालक बालम सुयाल को खाई से बाहर निकाला। घायल चालक को 108 एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए हल्द्वानी भेजा गया, जहां उसका उपचार किया जा रहा है।
दुर्घटना में वाहन में लदा दूध, दही, घी, पनीर सहित अन्य दुग्ध उत्पाद बड़ी मात्रा में बिखरकर बर्बाद हो गए। बाद में पहुंचे वाहन के परिचालक और संबंधित दूध डेयरी के कर्मचारी बिखरे हुए बचे दुग्ध उत्पादों को एकत्र करते दिखाई दिए।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

