home page

जखाणा के घंडियाल देवता मंदिर से कीमती आभूषण और नकदी चोरी

 | 

नई टिहरी, 07 अगस्त (हि.स.)। बालगंगा तहसील के ग्राम पंचायत जखाणा स्थित पौराणिक घंडियाल देवता मंदिर में चोरों ने आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर लिए। जिससे क्षेत्र में आक्रोश बना हुआ है। शिकायत पर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।

जखाणा की ग्राम प्रधान सुरभि सजवाण ने बताया कि अज्ञात चोरों ने बीते वीरवार को घंडियाल देवता मंदिर के मुख्य गेट की ग्रिल और गर्भगृह का ताला तोड़कर मंदिर से 20 किलोग्राम चांदी के आभूषण, कुछ सोने के आभूषण, चांदी का लोटा और 8 हजार रुपये की नगदी पर हाथ साफ कर दिया। बताया कि सुबह मंदिर के पास ग्रामीण कुंदन सिंह ने मंदिर के टूटे ताले और बिखरे सामान को देखकर ग्रामीणों को सूचना दी। वहीं पुलिस चौकी लाटा को भी जानकारी दी गई। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर भी काफी खोजबीन की, लेकिन चोरी गया सामान बरामद नहीं हो सका।

ग्रामीण नरेंद्र सजवाण, राजेंद्र लेखवार और रमेश जिरवाण ने बताया कि सुबह एक महिला पूजा करने मंदिर पहुंची, तो उसने मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ देखा। अंदर देखा तो गर्भगृह में स्थापित देवता की मूर्तियों पर चढ़े चांदी और सोने के आभूषण, चांदी का लोटा तथा नगदी गायब मिली। इस घटना से पूरे गांव में भारी रोष है। लोगों ने इसे धार्मिक आस्था पर हमला बताया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि चोरी गए आभूषण और नगदी बरामद की जाए। घटना में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। थानाध्यक्ष अजय कुमार जाटव ने बताया कि ग्राम प्रधान और अन्य ग्रामीणों ने घंडियाल देवता मंदिर में चोरी की शिकायत की है। बताया कि मामला राजस्व क्षेत्र का है। फिर भी चमियाला चौकी से पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर चुकी है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी