राज्योत्सव पर अल्मोड़ा में राज्य आंदोलनकारियों का सम्मान, विकास पुस्तिका “सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊंची उड़ान का विमोचन
अल्मोड़ा, 09 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 26वें राज्योत्सव के तहत अल्मोड़ा में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
अल्मोड़ा के मल्ला महल में आयोजित मुख्य समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच राज्य निर्माण में आंदोलनकारियों के योगदान का स्मरण करते हुए उन्हें फूलमाला पहनाकर तथा शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सूचना विभाग द्वारा प्रदेश के विकास कार्यों पर आधारित विकास पुस्तिका “सशक्त नेतृत्व विकास की ऊँची उड़ान” का विमोचन किया गया तथा उपस्थित लोगों को पुस्तिका वितरित की गई।
समारोह में वक्ताओं एवं राज्य आंदोलनकारियों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए उत्तराखंड राज्य आंदोलन से जुड़ी स्मृतियों और अनुभवों को साझा किया। इस दौरान राज्य निर्माण के लिए किए गए संघर्ष और शहीदों के बलिदान को याद किया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को उत्सवमय बनाया।
इससे पूर्व प्रातः विद्यालयों के बच्चों ने प्रभातफेरी निकालकर राज्य स्थापना दिवस के कार्यक्रमों की शुरुआत की। जनरल बी. सी. जोशी शहीद स्मारक पर माल्यार्पण किया गया । जिला मुख्यालय के साथ ही जनपद की सभी तहसीलों में भी राज्य आंदोलनकारियों को सम्मानित कर राज्य निर्माण में उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।
मल्ला महल में आयोजित समारोह में मेयर अजय वर्मा, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, दर्जा राज्य मंत्री कुंदन सिंह लटवाल एवं गोविंद पिल्खवाल, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा एवं रघुनाथ सिंह चौहान, पूर्व दर्जा राज्य मंत्री बिट्टू कर्नाटक, केवल सती, महेश परिहार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, राज्य आंदोलनकारी एवं आमजन उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद चंद्र जोशी

