केदारनाथ आपदा के अनुभवों पर आधारित पुस्तक का लोकार्पण
-डॉक्टर की नजर से बयां की गई केदारनाथ आपदा की त्रासदी
देहरादून, 12 नवंबर (हि.स.)। वर्ष 2013 की केदारनाथ आपदा के भयावह मंजर, राहत एवं बचाव कार्यों और मानवीय संघर्षों की प्रत्यक्ष कहानी अब पुस्तक के रूप में सामने आई है। वरिष्ठ अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ.सुधीर शैली की पुस्तक ‘केदारनाथ संस्मरण-एक डॉक्टर की डायरी’ के हिंदी और अंग्रेजी संस्करणों का गुरुवार को देहरादून के दून पुस्तकालय एवं शोध केंद्र में लोकार्पण किया गया।
पुस्तक जून 2013 में केदारनाथ में आई आपदा के दौरान लेखक के व्यक्तिगत अनुभवों और प्रत्यक्षदर्शी संस्मरणों पर आधारित है। इसमें आपदा के दौरान घायलों के उपचार, चिकित्सा एवं राहत कार्यों, संसाधनों की कमी और प्रभावित परिवारों की पीड़ा का चिकित्सक की नजर से चित्रण किया गया है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय की पूर्व कुलपति डॉ. सुधा रानी पाण्डेय ने की। मुख्य अतिथि के रूप में उत्तराखंड राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष एवं वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. गीता खन्ना मौजूद रहीं। विशिष्ट अतिथियों में पद्मश्री डॉ.बीकेएस संजय, उत्तराखंड के पूर्व पुलिस महानिदेशक एवं साहित्यकार अनिल रतूड़ी तथा वरिष्ठ अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. हरीश कोहली शामिल रहे।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि केदारनाथ आपदा उत्तराखंड के इतिहास की बड़ी त्रासदियों में से एक है। इससे जुड़े प्रत्यक्ष अनुभवों और संस्मरणों का दस्तावेजीकरण भविष्य की पीढ़ियों के लिए महत्वपूर्ण है। पुस्तक केवल प्राकृतिक आपदा का घटनात्मक विवरण नहीं है, बल्कि विपरीत परिस्थितियों में मानवीय संवेदनाओं, साहस, सेवा और चिकित्सा कर्मियों के समर्पण की भी गवाही देती है।
लेखक डॉ.सुधीर शैली ने कहा कि आपदा के दौरान देखे और महसूस किए गए अनुभवों ने उनके मन पर गहरी छाप छोड़ी थी। इन स्मृतियों को उन्होंने कई वर्षों तक संजोकर रखा और अब पुस्तक के माध्यम से पाठकों के साथ साझा किया है। उन्होंने अतिथियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का संयोजन एवं संचालन डॉ. भारती मिश्रा ने किया। शुरुआत में दून पुस्तकालय एवं शोध केंद्र के कार्यक्रम अधिकारी चंद्रशेखर तिवारी ने अतिथियों का स्वागत किया। समारोह में साहित्यकारों, चिकित्सकों, लेखकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और पुस्तक प्रेमियों सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

