home page

फिल्म निर्माण के नए केंद्र के रूप में उभर रहा उत्तराखंड, गोवा में फिल्मकारों ने साझा किए अनुभव

 | 
फिल्म निर्माण के नए केंद्र के रूप में उभर रहा उत्तराखंड, गोवा में फिल्मकारों ने साझा किए अनुभव


-आईएफएफआई-2026 में उत्तराखंड की फिल्म नीति और शूटिंग स्थलों पर चर्चा, फिल्मों के लिए तीन करोड़ रुपये तक की सब्सिडी का प्रावधान

गोवा, 22 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड प्राकृतिक सौंदर्य और विविध शूटिंग स्थलों के चलते फिल्म निर्माण के नए केंद्र के रूप में उभर रहा है। राज्य की फिल्म नीति, शूटिंग सुविधाओं और स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की संभावनाओं को रविवार को गोवा में आयोजित 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह (आईएफएफआई)-2026 में प्रस्तुत किया गया।

समारोह के अंतर्गत आयोजित वेव्स फिल्म बाजार में ‘डेस्टिनेशन उत्तराखंड : जहां प्रकृति और सिनेमा का जादुई संगम होता है’ विषय पर विशेष परिचर्चा हुई। इसमें उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के संयुक्त निदेशक केएस चौहान, अभिनेत्री एवं फिल्म निर्माता आरुषि निशंक और प्रसिद्ध फिल्म निर्माता राम रेड्डी ने अपने अनुभव साझा किए। परिचर्चा का संचालन अभिनेत्री शीना ने किया।

संयुक्त निदेशक केएस चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में तैयार उत्तराखंड फिल्म नीति-2024 राज्य को प्रमुख फिल्म शूटिंग स्थल के रूप में विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। नीति के तहत निर्धारित पात्रता एवं शर्तों के अनुसार हिंदी फिल्मों, वेब सीरीज और टीवी धारावाहिकों के निर्माण के लिए अधिकतम तीन करोड़ रुपये तक की सब्सिडी का प्रावधान है। इसके अलावा एकल खिड़की व्यवस्था के माध्यम से शूटिंग की अनुमति प्रक्रिया को सरल बनाया गया है।

उन्होंने कहा कि हिमालयी प्राकृतिक दृश्य, नदियां, पर्वतीय क्षेत्र, ऐतिहासिक भवन और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत उत्तराखंड को फिल्म निर्माण के लिए विविध विकल्प उपलब्ध कराते हैं। मसूरी, लैंडौर, नैनीताल, देहरादून, ऋषिकेश और हरिद्वार के साथ गढ़वाल एवं कुमाऊं के अन्य क्षेत्रों में भी शूटिंग की व्यापक संभावनाएं हैं। फिल्म नीति में प्रतिभा, प्रशिक्षण और प्रौद्योगिकी यानी तीन प्रमुख पहलुओं पर विशेष जोर दिया गया है, ताकि स्थानीय कलाकारों और तकनीशियनों को अवसर मिल सकें तथा क्षेत्रीय सिनेमा को बढ़ावा मिले।

अभिनेत्री एवं फिल्म निर्माता आरुषि निशंक ने अपनी वेब सीरीज ‘लाइफ हिल गई’ का अनुभव साझा करते हुए कहा कि उत्तराखंड की पृष्ठभूमि पर आधारित इस परियोजना को कहानी सुनने के बाद जियो हॉटस्टार ने कमीशन किया था। उन्होंने राज्य की प्राकृतिक सुंदरता और यहां फिल्म निर्माण के अनुकूल वातावरण की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश में ऐसा सशक्त फिल्म परिवेश विकसित करने की जरूरत है, जिससे देश-विदेश के अधिक फिल्म निर्माता आकर्षित हों।

वहीं, फिल्म निर्माता राम रेड्डी ने अपनी फिल्म ‘जुगनुमा’ की शूटिंग के अनुभव साझा करते हुए उत्तराखंड को अपना दूसरा घर बताया। उन्होंने कहा कि फिल्म के लिए उपयुक्त स्थान तलाशने के उद्देश्य से वह 17 बार उत्तराखंड आए। शूटिंग के दौरान स्थानीय लोगों का सहयोग और आत्मीयता उल्लेखनीय रही तथा उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। फिल्म में अभिनेता मनोज बाजपेयी के साथ उत्तराखंड के गांवों के बच्चों को भी अभिनय का अवसर दिया गया।

परिचर्चा में कहा गया कि फिल्म निर्माण गतिविधियों से स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे। साथ ही होटल, परिवहन, आतिथ्य और पर्यटन जैसे क्षेत्रों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। आयोजन के माध्यम से उत्तराखंड की फिल्म नीति, सब्सिडी व्यवस्था, प्राकृतिक शूटिंग स्थलों और स्थानीय प्रतिभाओं की संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय फिल्म जगत के सामने प्रस्तुत किया गया।

--------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय