home page

उत्तराखंड के आपदा प्रबंधन तकनीक काे लागू करेगा हिमाचल प्रदेश: मंत्री जगत सिंह नेगी

 | 
उत्तराखंड के आपदा प्रबंधन तकनीक काे लागू करेगा हिमाचल प्रदेश: मंत्री जगत सिंह नेगी


देहरादून, 30 अप्रैल (हि. स.)। उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के कार्य और तकनीक आधारित आपदा प्रबंधन मॉडल से हिमाचल प्रदेश सरकार प्रभावित हुई है। गुरुवार को हिमाचल प्रदेश के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री जगत सिंह नेगी ने प्राधिकरण का दौरा कर व्यवस्थाओं का विस्तृत अवलोकन किया।

इस माैके पर हिमाचल प्रदेश के मंत्री नेगी ने कहा कि उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश भौगोलिक रूप से संवेदनशील पर्वतीय राज्य हैं, जहां भूस्खलन, अतिवृष्टि और प्राकृतिक आपदाओं की चुनौतियां समान हैं। उन्होंने दोनों राज्यों के बीच आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में बेहतर समन्वय और संयुक्त रणनीति अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया। मंत्री जगत सिंह नेगी ने चारधाम यात्रा की मॉनिटरिंग प्रणाली को विस्तार से समझा। उन्होंने राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के माध्यम से केदारनाथ यात्रा की लाइव मॉनिटरिंग, रियल-टाइम अलर्ट, भीड़ प्रबंधन और विभिन्न एजेंसियों के बीच त्वरित समन्वय व्यवस्था की सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का यह समग्र और तकनीक-आधारित मॉडल अत्यंत प्रभावी है, जिसे हिमाचल प्रदेश में भी लागू किया जाएगा।

मंत्री ने बताया कि इस मॉडल को हिमाचल की प्रमुख यात्राओं कैलाश मणिमहेश, किन्नर कैलाश और श्रीखंड महादेव में लागू कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुव्यवस्थित प्रबंधन सुनिश्चित किया जाएगा। इस दौरान आपदा प्रबंधन के सचिव विनोद कुमार सुमन ने यूएसडीएमए के कार्यों और नवाचारों की जानकारी दी। मंत्री ने तहसील स्तर पर गठित क्विक रिस्पांस टीम की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए इसे आपदा के शुरुआती चरण में प्रभावी कदम बताया। नेगी ने यूएसडीएमए के ‘भूदेव’ ऐप और मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में इस ऐप का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा, ताकि आपदा से संबंधित सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान सुनिश्चित हो सके।

इस अवसर पर दोनों राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे और आपदा प्रबंधन में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई गई।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय