पौड़ी मे लोकतंत्र बचाओ पखवाड़े में कांग्रेस निकालेगी मार्च
पौड़ी गढ़वाल, 05 अक्टूबर (हि.स.)।जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से 2 से 8 अक्टूबर तक लोकतंत्र बचाओ पखवाड़ा मनाया जा रहा है। पखवाड़े के तहत जिले के विभिन्न ब्लॉकों और जिला मुख्यालय स्तर पर लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में जिलाध्यक्ष विनोद नेगी ने प्रेस वार्ता कर आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी।
जिलाध्यक्ष विनोद नेगी ने बताया कि लोकतंत्र बचाओ पखवाड़े के तहत 7 और 8 अक्टूबर को ब्लॉक व जिलास्तर पर मार्च निकाला जाएगा। मार्च के माध्यम से लोकतंत्र, संविधान और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा का संदेश जनता तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव और आम लोगों के बीच पहुंचकर लोकतांत्रिक अधिकारों को लेकर जागरूकता अभियान चलाएंगे।
उन्होंने कहा कि देश के युवाओं और नागरिकों के वोट के अधिकार की रक्षा को लेकर कांग्रेस की ओर से यह अभियान चलाया जा रहा है। लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक के मत का महत्व है और लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती के लिए लोगों का जागरूक होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि पखवाड़े के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर संविधान में दिए गए अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों की जानकारी देंगे।
नेगी ने कहा कि लोकतंत्र बचाओ पखवाड़े के तहत सप्ताहभर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भागीदारी के साथ जनता से संवाद और जागरूकता कार्यक्रम भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि संविधान की रक्षा, लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती और नागरिक अधिकारों के प्रति जागरूकता अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।
जिलाध्यक्ष ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से पखवाड़े के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि 7 और 8 अक्टूबर को प्रस्तावित मार्च में पार्टी कार्यकर्ता लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का संदेश लेकर जनता के बीच पहुंचेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

