देहरादून से पौड़ी ला रहे थे स्मैक, पुलिस ने दो तस्करों को दबोचा
पौड़ी गढ़वाल, 27 जुलाई (हि.स.)। नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत पौड़ी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10.33 ग्राम स्मैक के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई जा रही है। तस्करी में प्रयुक्त कार को भी पुलिस ने सीज कर दिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देश पर जिलेभर में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना देवप्रयाग पुलिस संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में रजत नेगी (21 वर्ष) निवासी पौड़ी के कब्जे से 5.30 ग्राम व काफिल सिद्दकी उर्फ कपिल (24 वर्ष) निवासी धारा रोड, पौड़ी के कब्जे से 5.03 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे स्मैक को देहरादून से कम कीमत पर खरीदकर पौड़ी में अधिक कीमत पर बेचने के उद्देश्य से ला रहे थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उन्हें स्मैक किसने उपलब्ध कराई और इस तस्करी नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। दोनों आरोपितों के खिलाफ थाना देवप्रयाग में एनडीपीएस एक्ट की धारा के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास और नशा तस्करी से जुड़े नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

