नशा तस्करी पर सख्ती, कार जब्त
नैनीताल, 25 मार्च (हि.स.)। नैनीताल में नशा तस्करी के विरुद्ध अभियान के तहत अब तस्करों की अवैध संपत्तियों पर भी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत दर्ज एक मामले में आरोपित की अवैध संपत्ति के रूप में एक कार जब्त करने की कार्यवाही की गई है।
नैनीताल पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना हल्द्वानी में पंजीकृत एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/20 के तहत दर्ज अभियोग के अंतर्गत आरोपित नारायण दत्त परगाई निवासी ग्राम कुकना, थाना मुक्तेश्वर के विरुद्ध कार्रवाई की गई। प्रकरण में विवेचक उप निरीक्षक भुवन राणा की ओर से न्यायालय में आरोप पत्र प्रस्तुत किया जा चुका है। वित्तीय जांच के दौरान आरोपित के पुत्र सुरेश परगाई के नाम पर तीन वाहन सामने आए, जिनमें एक मोटर कैब कार तथा दो मोटरसाइकिल संख्या अर्टिगा कार-यूके04टीबी-5931 और यूके04जेड-3013 व यूके04एए-6853 को वैध आय से क्रय किए जाने के संबंध में कोई संतोषजनक साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके बाद संबंधित संपत्तियों को जब्त करने हेतु सक्षम प्राधिकारी नई दिल्ली को प्रस्ताव भेजा गया। सक्षम प्राधिकारी ने 24 मार्च 2026 को आदेश पारित करते हुए इन में से एक वाहन अर्टिगा कार-यूके-04टीबी-5931 को अवैध रूप से अर्जित संपत्ति मानते हुए एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत जब्त करने के निर्देश दिए हैं। इस आदेश पर नैनीताल पुलिस ने संबंधित वाहन को जब्त कर लिया है। नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान के तहत अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों पर भी आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

