home page

यूकेएसएसएससी भर्ती परीक्षा: फोटोग्राफर पद के लिए सबसे ज्यादा 80 फीसदी अभ्यर्थी रहे उपस्थित

 | 

देहरादून, 04 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) की ओर से रविवार को कनिष्ठ कैमरामैन/प्रोजेक्शनिस्ट,शोध अधिकारी और फोटोग्राफर पदों के लिए लिखित प्रतियोगी परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा देहरादून जिले में दो पालियों में हुई।

आयोग के अनुसार, प्रथम पाली में कनिष्ठ कैमरामैन/प्रोजेक्शनिस्ट पदों की परीक्षा में 74.16 प्रतिशत अभ्यर्थी उपस्थित रहे। दूसरी पाली में शोध अधिकारी पद के लिए 49.40 प्रतिशत और फोटोग्राफर पद के लिए 80 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।

परीक्षा की पारदर्शिता और शुचिता सुनिश्चित करने के लिए परीक्षा केंद्रों पर लाइव सीसीटीवी कैमरे और जैमर लगाए गए थे। अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति भी दर्ज की गई। परीक्षा की लाइव निगरानी के लिए आयोग कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाया गया था।

कंट्रोल रूम से आयोग के अध्यक्ष जीएस मर्तोलिया, सदस्य श्याम सुंदर सिंह रौतेला और प्रताप सिंह शाह, सचिव एनएस डुंगरियाल, परीक्षा नियंत्रक लक्ष्मी राज चौहान समेत अन्य अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों की निगरानी की। आयोग ने परीक्षा के सफल संचालन में सहयोग के लिए जिला प्रशासन के अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार जताया।

-----

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय