home page

आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के धरने को यूकेडी का समर्थन, सरकार पर साधा निशाना

 | 
आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के धरने को यूकेडी का समर्थन, सरकार पर साधा निशाना


गोपेश्वर, 27 नवम्बर (हि.स.)। मानदेय वृद्धि और सेवानिवृत्ति पर आर्थिक सुरक्षा की मांग को लेकर पिछले 10 दिनों से चमोली जिला मुख्यालय गोपेश्वर में कलेक्ट्रेट परिसर में धरने पर बैठी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के समर्थन में उत्तराखंड क्रांति दल भी उतर आया है। शुक्रवार को यूकेडी नेताओं ने धरना स्थल पर पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दिया और सरकार से कार्यकत्रियों की मांगों पर जल्द निर्णय लेने की मांग की।

आंगनबाड़ी कार्यकत्री राज्य सरकार से प्रतिदिन 140 रुपये और केंद्र सरकार से 150 रुपये प्रतिदिन मानदेय बढ़ाने की मांग कर रही हैं। इसके साथ ही सेवानिवृत्ति के समय प्रत्येक कार्यकत्री को 10 लाख रुपये की धनराशि देने की मांग भी आंदोलन का प्रमुख मुद्दा है।

धरने को समर्थन देने पहुंचे यूकेडी के केंद्रीय महामंत्री बीरू सजवाण ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां माताओं और बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा की जिम्मेदारी निभा रही हैं। सरकार उनसे लगातार महत्वपूर्ण काम लेती है, लेकिन उनके मानदेय और भविष्य की आर्थिक सुरक्षा को लेकर अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि 10 दिनों से धरने पर बैठी आंगनवाडी कार्यकत्रियों की मांगों पर सरकार को तत्काल सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए। यूकेडी नेता कमल किशोर डिमरी ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों से विभागीय जिम्मेदारियों के साथ कई महत्वपूर्ण सरकारी योजनाओं का काम भी लिया जाता है, लेकिन उनके श्रम के अनुरूप मानदेय और सेवानिवृत्ति के बाद सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की गई है। सरकार को उनकी आवाज अनसुनी करने के बजाय मांगों का समाधान करना चाहिए।

इस दौरान जिला कार्यकारी अध्यक्ष पंकज पुरोहित, जिला महामंत्री सुबोध बिष्ट समेत यूकेडी के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / जगदीश पोखरियाल