home page

बारिश के बीच मंत्री गणेश जोशी और महापौर ने किया निरीक्षण, सुरक्षात्मक कार्य तेज करने के निर्देश

 | 
बारिश के बीच मंत्री गणेश जोशी और महापौर ने किया निरीक्षण, सुरक्षात्मक कार्य तेज करने के निर्देश


बारिश के बीच मंत्री गणेश जोशी और महापौर ने किया निरीक्षण, सुरक्षात्मक कार्य तेज करने के निर्देश


देहरादून, 09 जुलाई (हि.स.)। प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के बीच संभावित जलभराव और कटाव प्रभावित क्षेत्रों में एहतियाती उपाय तेज कर दिए गए हैं। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और देहरादून के महापौर सौरभ थपलियाल ने अलग-अलग स्थानों का निरीक्षण कर अधिकारियों को सुरक्षात्मक और राहत कार्य तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ गढ़ी कैंट स्थित घट्टी गोला क्षेत्र के संपर्क मार्ग तथा बीजापुर डैम के निकट मुख्य मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को बरसाती नदी की ओर सुरक्षा दीवार (प्रोटेक्शन वॉल) का निर्माण तत्काल शुरू कराने और वर्षा से सड़क किनारे हो रहे कटाव को रोकने के लिए प्रोटेक्शन नेट अथवा ब्रेस्ट वॉल का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान क्षेत्रवासियों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और सभी सुरक्षात्मक कार्य शीघ्र पूरे किए जाएं। साथ ही अधिकारियों को क्षेत्र की लगातार निगरानी रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

उधर, देहरादून में वार्ड संख्या-41 स्थित सन पार्क इन होटल के निकट जलभराव की शिकायत मिलने पर महापौर सौरभ थपलियाल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने नगर निगम की नाला सफाई मशीन टीएमएस-20 और जेसीबी मौके पर भेजकर जलनिकासी बहाल करने के निर्देश दिए।

क्षेत्रीय पार्षद बबीता गुप्ता ने बताया कि लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की ओर से निर्मित नाले के चोक होने से जल निकासी बाधित हो गई है, जिससे सड़क पर जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। इस पर महापौर ने मौके से ही पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को नगर निगम के साथ समन्वय स्थापित कर तत्काल नाले की सफाई कराने और समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।

महापौर ने कहा कि शहर में जलभराव की शिकायतों के निस्तारण के लिए नगर निगम पूरी तत्परता से कार्य कर रहा है और संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है, ताकि नागरिकों को समय पर राहत मिल सके।

---

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय