home page

महायोजना-2041 में शामिल होंगे नागरिकों के सुझाव, 21 जुलाई तक जारी रहेगा जनसंवाद अभियान

 | 
महायोजना-2041 में शामिल होंगे नागरिकों के सुझाव, 21 जुलाई तक जारी रहेगा जनसंवाद अभियान


देहरादून, 09 जुलाई (हि.स.)। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने देहरादून महायोजना-2041 को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया के तहत नागरिकों से प्राप्त सुझावों और आपत्तियों को तकनीकी एवं विधिक परीक्षण के बाद आवश्यकतानुसार योजना में शामिल करने का निर्णय लिया है। प्राधिकरण का जनसंवाद अभियान 21 जुलाई तक सभी 12 सेक्टरों में जारी रहेगा।

एमडीडीए की ओर से देहरादून महायोजना-2041 को अंतिम रूप देने के लिए चलाए जा रहे जनसंवाद अभियान के चौथे दिन गुरुवार को निगम परिसर में आयोजित जनसुनवाई शिविर में सेक्टर-04 के नागरिकों, भू-स्वामियों और विभिन्न संगठनों ने विकास संबंधी सुझाव एवं आपत्तियां दर्ज कराईं। जनसुनवाई के दौरान लोगों ने भू-उपयोग, सड़क नेटवर्क, यातायात प्रबंधन, हरित क्षेत्रों के संरक्षण, सार्वजनिक सुविधाओं तथा आवासीय एवं व्यावसायिक गतिविधियों से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने सुझाव दिए। अधिकारियों ने सभी सुझावों और आपत्तियों का अभिलेखीकरण किया।

एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि देहरादून महायोजना-2041 केवल भूमि उपयोग का दस्तावेज नहीं, बल्कि आगामी वर्षों में शहर के समग्र विकास, पर्यावरण संरक्षण, आधारभूत सुविधाओं और सुनियोजित शहरी विस्तार की व्यापक रूपरेखा है। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सहभागिता से महायोजना अधिक समावेशी, व्यावहारिक और जनहितकारी बनेगी।

एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि जनसुनवाई के दौरान प्राप्त प्रत्येक सुझाव और आपत्ति का तकनीकी एवं विधिक परीक्षण कराया जाएगा तथा आवश्यकतानुसार उन्हें महायोजना में शामिल करने पर विचार किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से जनसंवाद अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

प्राधिकरण के अनुसार छह जुलाई से शुरू हुआ जनसंवाद अभियान 21 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान क्षेत्र के सभी 12 सेक्टरों में जनसुनवाई शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के अगले चरण में शुक्रवार को महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में सेक्टर-05 के नागरिकों के लिए जनसुनवाई शिविर लगाया जाएगा।

जनसुनवाई शिविर में एमडीडीए के संयुक्त सचिव गौरव चटवाल सहित प्राधिकरण के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय