home page

लालढांग-चिल्लरखाल सड़क निर्माण को मिली रफ्तार, पीडब्ल्यूडी बनी कार्यदायी संस्था

 | 
लालढांग-चिल्लरखाल सड़क निर्माण को मिली रफ्तार, पीडब्ल्यूडी बनी कार्यदायी संस्था


देहरादून/कोटद्वार, 09 जुलाई (हि.स.)। उच्चतम न्यायालय द्वारा लालढांग-चिल्लरखाल मोटर मार्ग निर्माण पर लगी रोक हटाए जाने के बाद राज्य सरकार ने परियोजना को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया तेज कर दी है। वन विभाग ने सड़क निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को कार्यदायी संस्था नामित कर दिया है।

सरकारी निर्णय के बाद परियोजना से जुड़ी प्रशासनिक और तकनीकी प्रक्रियाओं में तेजी आने की उम्मीद है। इसके साथ ही सड़क निर्माण कार्य शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है। इस मार्ग के निर्माण से कोटद्वार का हरिद्वार और देहरादून से संपर्क बेहतर होने के साथ पर्यटन, व्यापार और क्षेत्रीय विकास को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खंडूड़ी भूषण ने कहा कि यह क्षेत्र की लंबे समय से लंबित मांग थी। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी के प्रयासों की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि सभी औपचारिकताएं पूरी कर निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय