home page

विश्वस्तर पर उत्तराखंड के युवा बना रहे पहचान, सरकार का लक्ष्य युवाओं को जॉब क्रिएटर बनाना : धामी

 | 
विश्वस्तर पर उत्तराखंड के युवा बना रहे पहचान, सरकार का लक्ष्य युवाओं को जॉब क्रिएटर बनाना : धामी


देहरादून, 16 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड के युवा अवसर मिलने पर दुनिया के किसी भी मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकते हैं। कौशल और प्रतिभा के दम पर प्रदेश के युवा वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं। सरकार का लक्ष्य युवाओं को केवल नौकरी पाने वाला नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने वाला बनाना है।

मुख्यमंत्री धामी ने सोमवार को देहरादून के आईआरडीटी सभागार में कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग की ओर से आयोजित युवा कौशल महोत्सव-2026 में यह बातें कही। इस दौरान उन्होंने इंडिया स्किल प्रतियोगिता 2025-26 के अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर के विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया।

उन्होंने सहसपुर स्थित स्किल हब सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार हासिल करने वाले 35 युवाओं को नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए। इसके अलावा अखिल भारतीय व्यावसायिक परीक्षा-2026 के 32 राजकीय आईटीआई टॉपर्स को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

धामी ने कहा कि चीन के शंघाई में सितंबर में आयोजित 48वीं वर्ल्ड स्किल्स प्रतियोगिता में भारत ने छह रजत पदक और 20 मेडलियन्स फॉर एक्सीलेंस हासिल कर 10वां स्थान प्राप्त किया। यह प्रतियोगिता में भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इसमें उत्तराखंड की सानिया जोशी ने रिटेल सेल्स और पार्थ बोहरा ने इंडस्ट्रियल डिजाइन टेक्नोलॉजी में रजत पदक जीतकर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाया। उनकी सफलता अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, स्वरोजगार, उद्यमिता और खेल सहित प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध करा रही है। राजकीय आईटीआई में प्रशिक्षण की गुणवत्ता सुधारने, संस्थानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण व्यवस्था विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सहसपुर के स्किल हब सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से प्रशिक्षित 35 युवाओं को नियुक्ति पत्र मिलना प्रशिक्षण को रोजगार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। प्रदेश के 100 से अधिक युवा विदेशों में भी अपनी सेवाएं देकर उत्तराखंड का नाम रोशन कर रहे हैं।

धामी ने कहा कि युवाओं को नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार देने वाला बनाने के लिए प्रदेश में स्टार्टअप नीति लागू की गई है। नवाचार और उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के लिए इन्क्यूबेशन सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं और 200 करोड़ रुपये के वेंचर फंड की व्यवस्था की गई है। युवा प्रोत्साहन योजना और दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के माध्यम से युवाओं को ऋण और सब्सिडी की सुविधाएं भी दी जा रही हैं। युवाओं की समस्याओं और सुझावों को सरकार तक पहुंचाने के लिए युवा आयोग के गठन की दिशा में भी काम किया जा रहा है।

भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय प्रदेश में पेपर लीक और नकल जैसी घटनाओं से मेहनती युवाओं का व्यवस्था पर विश्वास कमजोर हुआ था।

उन्होंने कहा कि राज्य गठन के बाद से अब तक प्रदेश में लगभग 55 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्तियां मिली हैं। इनमें पिछले पांच वर्षों के दौरान 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। यह पारदर्शी भर्ती व्यवस्था और सरकार की प्रतिबद्धता का परिणाम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के सर्वांगीण विकास में खेलों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। खेलों से अनुशासन, टीम भावना और संघर्ष करने की क्षमता विकसित होती है। प्रदेश में नई खेल नीति लागू करने के साथ खेल अवस्थापना सुविधाओं, स्टेडियमों और प्रशिक्षण केंद्रों का विस्तार किया जा रहा है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के साथ सरकारी सेवाओं में भी अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को पूरा करने में युवा शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। देश की लगभग 65 प्रतिशत युवा आबादी अपनी ऊर्जा, कौशल और नवाचार से इस लक्ष्य को हासिल करने में निर्णायक योगदान दे सकती है। उत्तराखंड के युवा भी इस दिशा में अग्रणी भूमिका निभाएंगे।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, खजान दास, सचिव सी. रविशंकर सहित विभागीय अधिकारी, कर्मचारी, प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय