home page

सिडकुल-धनौरी मार्ग को लेकर युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, ईई का घेराव

 | 
सिडकुल-धनौरी मार्ग को लेकर युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, ईई का घेराव


हरिद्वार, 25 सितंबर (हि.स.)। सिडकुल-धनौरी मार्ग की बदहाली को लेकर शुक्रवार को युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता कार्यालय का घेराव किया।

युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष अबरार अली के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मायापुर स्थित यूनियन भवन से अधिशासी अभियंता कार्यालय तक पैदल मार्च निकालकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि कई वर्षों से सिडकुल-धनौरी मार्ग क्षतिग्रस्त है, बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं और बरसात में जलभराव से चलना मुश्किल हो जाता है। रोजाना ग्रामीण गिरकर चोटिल हो रहे हैं। अबरार अली ने कहा कि कई बार अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन सिर्फ गड्ढे भरकर पल्ला झाड़ लिया जाता है। लोगों को पूरी सड़क नई चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि 30 नवंबर तक सड़क नहीं बनी तो कार्यालय पर ताला जड़ा जाएगा।

सोशल मीडिया संयोजक महबूब अली और तनु वालिया ने कहा कि कुंभ के नाम पर पैसों का बंदरबांट हो रहा है, जहां जरूरत है वहां काम नहीं हो रहा।वहीं अधिशासी अभियंता खुशवंत सिंह चौहान ने बताया कि गड्ढे भरने का कार्य शुरू हो गया है, बारिश के कारण देरी हुई और 30 नवंबर तक काम पूरा कर दिया जाएगा।

इस दौरान इदरीश मंसूरी, मासूम, दानिश, सागर, जोएब, साहिल, नौशाद, अहमद, सनव्वर, इमरान, राकेश, नईम, गुलशनव्वर आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला