home page

भाजपा सरकार के खिलाफ युवा कांग्रेस ने निकाली बाइक रैली

 | 
भाजपा सरकार के खिलाफ युवा कांग्रेस ने निकाली बाइक रैली


हरिद्वार, 29 नवंबर (हि.स.)। केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ युवा कांग्रेस ने बाइक रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। पूर्व जिलाध्यक्ष कैश खुराना के नेतृत्व में आर्य नगर चौक से हरकी पैड़ी तक निकाली गई रैली में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विभिन्न मुद्दों पर आक्रोश जताया।

रैली के दौरान कैश खुराना और अशोक शर्मा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। कुंभ के कार्यों में भ्रष्टाचार और घोटाले हो रहे हैं। अधिकारियों पर सरकार के मंत्रियों की बात नहीं सुनने के आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है। सरकारी परीक्षाओं के पेपर लीक होने से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी वोट चोरी के मामले में भूमिका निभाने का आरोप लगाया।

महानगर अध्यक्ष अमन गर्ग और तरुण व्यास ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में जनता ने भाजपा को सत्ता से बाहर करने का मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी प्रकरण में न्याय नहीं मिलने से जनता में सरकार के प्रति भारी रोष है। भाजपा की कथनी और करनी में अंतर साफ दिखाई दे रहा है।

इस अवसर पर दिव्यांश अग्रवाल, पार्षद हिमांशु गुप्ता, सोहित सेठी, सुनील कुमार, अकरम अंसारी, मयंक सिंह, विवेक भूषण विक्की, यश शर्मा, रमणीक सिंह, विकास चंद्रा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला