home page

युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

 | 
युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या


हरिद्वार, 28 मई (हि.स.)। कनखल थाना क्षेत्र के राजा गार्डन में गुरुवार को एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने की दुखद घटना सामने आई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार राजा गार्डन निवासी लोकेश (25 वर्ष) ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि परिजनों को जब काफी देर तक कमरे से कोई हलचल सुनाई नहीं दी तो उन्होंने अंदर जाकर देखा। कमरे का दृश्य देखकर परिवार के लोगों के होश उड़ गए। लोकेश फंदे से लटका हुआ मिला। इसके बाद आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा भरने के बाद जिला अस्पताल भेज दिया, जहां पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

फिलहाल आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।

घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। आसपास के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला