home page

कुटेटी के पास युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

 | 

उत्तरकाशी, 04 मार्च (हि.स.)। जिला मुख्यालय उत्तरकाशी के जसपुर–सिल्याण मोटर मार्ग पर कुटेटी के पास बुधवार को एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिला। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पहाड़ी से रेस्क्यू कर कब्जे में लिया। आवश्यक पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।

जिला परिचालन केंद्र उत्तरकाशी के अनुसार बुधवार तड़के सूचना मिली कि जसपुर–सिल्याण मोटर मार्ग पर कुटेटी के पास एक व्यक्ति बेहोश अवस्था में पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक की पहचान अनमोल उबान (23) पुत्र हरीश उबान, निवासी जोशी मोहल्ला, उत्तरकाशी के रूप में की।

कोतवाली पुलिस के अनुसार युवक की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो चुकी थी। फिलहाल मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / चिरंजीव सेमवाल