home page

भाजपा ने कांगड़ी समविश्वविद्यालय में किया सामूहिक याेगाभ्यास

 | 
भाजपा ने कांगड़ी समविश्वविद्यालय में किया सामूहिक याेगाभ्यास


हरिद्वार, 21 जून (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिला हरिद्वार ने गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय के दयानंद स्टेडियम में योग कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में योग साधकों, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता कर योगाभ्यास किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उत्तराखंड सरकार के आयुष मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मन, शरीर और आत्मा के बीच सामंजस्य स्थापित करने वाली जीवन पद्धति है। उन्होंने कहा कि योग व्यक्ति को मानसिक स्थिरता प्रदान कर सकारात्मक, संतुलित एवं सफल जीवन की ओर अग्रसर करता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में तनाव, अवसाद और अस्वस्थ जीवनशैली से उत्पन्न चुनौतियों के बीच योग एक प्रभावी प्राकृतिक उपचार प्रणाली के रूप में कार्य कर रहा है। योग और प्राणायाम के नियमित अभ्यास से रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है, मानसिक एकाग्रता मजबूत होती है तथा जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। योग ने विश्वभर में मानवता को जोड़ने का कार्य किया है और भारतीय संस्कृति के मूल मंत्र “वसुधैव कुटुम्बकम्” तथा “सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः” को वैश्विक स्तर पर स्थापित किया है।

आयुष मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को वैश्विक पहचान मिली और आज विश्व के 190 से अधिक देशों में करोड़ों लोग योग से जुड़ चुके हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड योग, अध्यात्म और साधना की प्राचीन परंपराओं की भूमि है तथा राज्य सरकार उत्तराखंड को योग एवं वेलनेस की वैश्विक राजधानी के रूप में स्थापित करने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा देश की पहली योग नीति लागू की गई है तथा प्रदेश में पांच नए योग हब विकसित किए जा रहे हैं। साथ ही सभी आयुष हेल्थ एवं वेलनेस सेंटरों में योग सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।

भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कहा कि योग भारत की आत्मा, हमारी संस्कृति का प्राण और सनातन सभ्यता की शाश्वत चेतना है। उन्होंने कहा कि योग को व्यक्ति से परिवार, परिवार से समाज और समाज से विश्व कल्याण की महायात्रा का माध्यम बनाना होगा। उन्होंने देश-विदेश में योग साधना से जुड़े सभी साधकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस भारत की सनातन संस्कृति, ऋषि परंपरा और आध्यात्मिक चेतना के वैश्विक उत्कर्ष का महापर्व है।

कार्यक्रम संयोजक भाजपा जिला उपाध्यक्ष आशु चौधरी ने कहा कि आज योग वैश्विक जन-आंदोलन का रूप ले चुका है। संयुक्त राष्ट्र द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को मान्यता मिलना भारत की सांस्कृतिक शक्ति और आध्यात्मिक विरासत का ऐतिहासिक सम्मान है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष की थीम “ल्वहं वित भ्मंसजील ।हमपदह” स्वस्थ, संतुलित और दीर्घ जीवन का संदेश देती है। योग आज केवल एक अभ्यास नहीं, बल्कि नई पीढ़ी का संस्कार बनता जा रहा है।

कार्यक्रम में दायित्वधारी (राज्यमंत्री) ओमप्रकाश जमदग्नि, नितिन गौतम, ब्लॉक प्रमुख आशा नेगी, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष संदीप गोयल, प्रदेश मीडिया सहसंयोजक विकास तिवारी, जिला महामंत्री हीरा सिंह बिष्ट, जिला उपाध्यक्ष लव शर्मा, अंतर्राष्ट्रीय योगाचार्य विपिन गोलियान, पूजा राठी, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष प्रीति गुप्ता सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला