विश्व ओजोन दिवस पर विद्यार्थियों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
हरिद्वार, 16 सितंबर (हि.स.)। कन्या गुरुकुल परिसर, हरिद्वार के पर्यावरण विज्ञान विभाग की ओर से बुधवार को विश्व ओजोन दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को ओजोन परत के महत्व, इसके संरक्षण की आवश्यकता और पर्यावरण के प्रति उनकी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में प्रो. नमिता जोशी ने विश्व ओजोन दिवस के महत्व और इसे मनाए जाने के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ओजोन परत पृथ्वी के पर्यावरणीय संतुलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण को केवल विषय तक सीमित न रखकर इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
प्रो. संगीता मदान ने ओजोन परत के संरक्षण की आवश्यकता पर अपने विचार रखे। उन्होंने विद्यार्थियों को ऐसे छोटे-छोटे प्रयासों की जानकारी दी, जिन्हें अपनाकर प्रत्येक व्यक्ति पर्यावरण संरक्षण में योगदान दे सकता है। उन्होंने पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली अपनाने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया। भाषण प्रतियोगिता, रंगोली प्रतियोगिता और पोस्टर निर्माण के माध्यम से विद्यार्थियों ने ओजोन परत के संरक्षण, पर्यावरण जागरूकता और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का संदेश रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के समापन पर शिक्षकों और विद्यार्थियों ने ओजोन परत के संरक्षण एवं पर्यावरण सुरक्षा की शपथ ली। सभी ने पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने और ओजोन परत के संरक्षण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

