home page

सरकारी कामकाज में हिंदी के बढ़ते प्रयोग पर जोर

 | 
सरकारी कामकाज में हिंदी के बढ़ते प्रयोग पर जोर


देहरादून, 16 सितंबर (हि.स.)। केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी), देहरादून की ओर से बुधवार को राजभाषा हिंदी कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में सरकारी कामकाज में हिंदी के प्रयोग, राजभाषा नीति के प्रावधानों और प्रशासनिक कार्यों में हिंदी की भूमिका पर चर्चा की गई।

सर्वे ऑफ इंडिया परिसर स्थित सीबीसी कार्यालय में आयोजित कार्यशाला का उद्देश्य अधिकारियों और कर्मचारियों को सरकारी कामकाज में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के लिए प्रोत्साहित करना और प्रशासनिक कार्यों में दक्षता बढ़ाना रहा।

पूर्व प्रबंधक, राजभाषा महिमानंद भट्ट ने राष्ट्रीय हिंदी दिवस के महत्व, राजभाषा नीति के प्रावधानों तथा प्रशासनिक कार्यों में हिंदी की भूमिका पर व्याख्यान दिया। उन्होंने प्रशासनिक पत्राचार, फाइल नोटिंग, ड्राफ्टिंग और डिजिटल माध्यमों में हिंदी के प्रभावी उपयोग की व्यावहारिक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक पत्राचार और फाइल नोटिंग में सरल हिंदी का प्रयोग किया जाना चाहिए तथा दैनिक सरकारी कामकाज में हिंदी के इस्तेमाल को बढ़ावा देने की जरूरत है।

पीआईबी देहरादून के मीडिया संचार अधिकारी अनिल दत्त शर्मा ने डिजिटल माध्यमों और आधुनिक तकनीकों के जरिए सरकारी कार्यों में हिंदी के प्रयोग को और बढ़ाने पर जोर दिया। कार्यशाला के दौरान सीबीसी और पीआईबी देहरादून के कर्मचारियों के लिए हिंदी पखवाड़े के तहत टाइपिंग, टिप्पणी और निबंध लेखन प्रतियोगिताओं की जानकारी भी दी गई। कार्यशाला में दोनों कार्यालयों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

----

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय