home page

13 मार्च तक 13 जिलों में ‘महिला जनसुनवाई’, त्वरित न्याय पर जोर

 | 
13 मार्च तक 13 जिलों में ‘महिला जनसुनवाई’, त्वरित न्याय पर जोर


देहरादून, 09 मार्च (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में उत्तराखंड महिला आयोग की ओर से प्रदेश के सभी 13 जनपदों में 13 मार्च तक ‘महिला जनसुनवाई’ कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

उत्तराखण्ड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने सोमवार को सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में पत्रकारों से बातचीत में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ‘महिला आयोग आपके द्वार’ अभियान के तहत आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य पारिवारिक विवादों का त्वरित समाधान और महिलाओं को शीघ्र न्याय उपलब्ध कराना है। राज्य सरकार और आयोग महिलाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।

अध्यक्ष ने बताया कि आयोग सोशल मीडिया पर महिलाओं से संबंधित घटनाओं का स्वतः संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई कर रहा है। अधिकांश मामलों में संबंधित पक्ष आपस में परिचित पाए गए हैं। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की गतिविधियों पर निगरानी रखने की अपील की।

उन्होंने महिलाओं से किसी भी प्रकार की घटना या समस्या की सूचना तत्काल निशुल्क हेल्पलाइन नंबर 112 पर देने को कहा। साथ ही ‘गौरा शक्ति’ ऐप डाउनलोड करने और आयोग के दूरभाष नंबर पर संपर्क करने की भी सलाह दी।

सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय सभागार, देहरादून में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में कुल 25 मामले दर्ज किए गए। इनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष प्रकरण संबंधित विभागों को अग्रसारित किए गए।

इस अवसर पर आयोग की सदस्य विमला नैथानी भी उपस्थित रहीं।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय