महिला स्वास्थ्य शिविर ‘धारित्री’ का समापन, दो हजार महिलाओं ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण
देहरादून, 26 जुलाई (हि.स.)। 27वें कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में मिलिट्री हॉस्पिटल देहरादून में आयोजित तीन दिवसीय बहु-विशेषज्ञ महिला स्वास्थ्य शिविर ‘धारित्री’ का रविवार को समापन हुआ। समापन समारोह में उत्तराखंड की प्रथम महिला गुरमीत कौर ने प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर गुरमीत कौर ने शिविर में पहुंची महिलाओं से संवाद कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने विशेषज्ञ चिकित्सकों से शिविर में उपलब्ध जांच, उपचार और अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की तथा महिलाओं को दी जा रही चिकित्सा सेवाओं की सराहना की।
उन्होंने कहा कि महिलाओं का स्वास्थ्य केवल व्यक्तिगत विषय नहीं, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र के सशक्त भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण पहलू है। उन्होंने कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर महिलाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही आत्मविश्वास और सशक्तीकरण का माध्यम बनते हैं।
प्रथम महिला ने कहा कि स्वस्थ महिला ही स्वस्थ परिवार की आधारशिला होती है। उन्होंने महिलाओं से नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार, व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समय पर जांच और रोगों की रोकथाम बेहतर स्वास्थ्य के लिए आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय इस शिविर में करीब दो हजार महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। उन्होंने इसे महिलाओं और उनके परिवारों के स्वस्थ भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
गुरमीत कौर ने शिविर के सफल आयोजन के लिए चिकित्सकों, स्वयंसेवकों और सहयोगियों को बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी महिलाओं के स्वास्थ्य को लेकर इस तरह के निवारक स्वास्थ्य सेवा आधारित अभियान आयोजित किए जाते रहेंगे।
---
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

