महिला किसानों के योगदान को पहचान दिलाना जरूरी: मंजू गौड़
हल्द्वानी, 15 अक्टूबर (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय महिला किसान वर्ष-2026 के अवसर पर हल्द्वानी ब्लॉक सभागार में गुरुवार को राष्ट्रीय कृषि प्रसार एवं प्रौद्योगिकी मिशन (नेमेट) के तहत आत्मा परियोजना की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कृषि एवं पशुपालन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली तीन महिला किसानों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्लॉक प्रमुख मंजू गौड़ ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला किसान वर्ष-2026 के तहत महिला किसान दिवस मनाने का उद्देश्य कृषि क्षेत्र में महिलाओं के योगदान को पहचान दिलाना, उन्हें सम्मानित करना और खेती-किसानी में उनकी भूमिका को मजबूत बनाना है।
उन्होंने कहा कि महिलाएं खेती, पशुपालन, दुग्ध उत्पादन, बीज संरक्षण, सब्जी उत्पादन और जैविक खेती के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ परिवार की आजीविका में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। इसके बावजूद कई बार उनके श्रम और योगदान को अपेक्षित पहचान नहीं मिल पाती। ऐसे आयोजन महिला किसानों का मनोबल बढ़ाने और उन्हें आधुनिक तकनीकों तथा सरकारी योजनाओं से जोड़ने में सहायक हैं।
परियोजना निदेशक शिल्पी पंत ने कहा कि महिला किसान भारतीय कृषि व्यवस्था का अभिन्न हिस्सा हैं। फसल उत्पादन, पशुपालन, कृषि वानिकी, मत्स्य पालन, बागवानी, कृषि उत्पादों के प्रसंस्करण, पैकेजिंग और विपणन तक महिलाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी देश की कृषि प्रगति को नई दिशा दे रही है। सरकारी पहलों के माध्यम से महिला किसानों की संसाधनों, आधुनिक तकनीक और बाजारों तक पहुंच बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इससे उनकी आर्थिक आत्मनिर्भरता को मजबूती मिल रही है।
कार्यक्रम में पशुपालन एवं डेयरी क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए मंजू तिवारी, कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए दीपा लोशज्ञानी और पशुपालन क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए किरन रावत को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सहायक परियोजना निदेशक चंदा फर्त्याल, मुख्य कृषि अधिकारी संतोषी, सहायक उद्यान अधिकारी अर्जुन सिंह परवाल, खंड विकास अधिकारी तनवरी असगर, क्षेत्रीय युवा मंगल दल अध्यक्ष त्रिवेणी गयाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और क्षेत्र की महिलाएं मौजूद रहीं।
हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

