नीलकंठ मार्ग पर नदी किनारे फंसी महिला, एसडीआरएफ ने रोप रेस्क्यू कर बचाई जान
ऋषिकेश, 19 सितंबर (हि.स.)। थाना लक्ष्मण झूला क्षेत्र में नीलकंठ मार्ग पर गरुड़ चट्टी से आगे पहाड़ी के नीचे नदी के बहाव क्षेत्र के समीप फंसी 24 वर्षीय महिला को एसडीआरएफ की टीम ने रोप रेस्क्यू तकनीक से सुरक्षित बाहर निकाल लिया।एसडीआरएफ के अनुसार, शनिवार को महिला के पहाड़ी से नीचे नदी के बहाव क्षेत्र में फंसे होने की सूचना मिली थी। सूचना पर ढालवाला से एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीम आवश्यक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। महिला पहाड़ी के नीचे फंसी थी और भयभीत अवस्था में थी।टीम ने रोप रेस्क्यू तकनीक का इस्तेमाल करते हुए पहाड़ी से नीचे उतरकर महिला तक पहुंच बनाई। उसे ढांढस बंधाने के बाद आवश्यक सुरक्षा उपायों के साथ सुरक्षित रूप से पहाड़ी के ऊपर लाकर नीलकंठ मार्ग की सड़क तक पहुंचाया गया। इसके बाद महिला को आवश्यक कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। एसडीआरएफ के मुताबिक रेस्क्यू की गई महिला की पहचान विदिशा (24) निवासी हिसार, हरियाणा के रूप में हुई है।
-----
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

