home page

सर्दियों में उत्तराखंड को केंद्र से बड़ी राहत, छह माह में मिलेगी 73 मेगावाट अतिरिक्त बिजली

 | 
सर्दियों में उत्तराखंड को केंद्र से बड़ी राहत, छह माह में मिलेगी 73 मेगावाट अतिरिक्त बिजली


देहरादून, 26 सितंबर (हि.स.)। सर्दियों के दौरान उत्तराखंड में बढ़ने वाली बिजली की मांग और उपलब्धता के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए केंद्र सरकार ने राज्य को छह माह के लिए 73 मेगावाट अतिरिक्त बिजली आवंटित की है। केंद्रीय क्षेत्र के विद्युत उत्पादन केंद्रों के अनआवंटित पूल से यह अतिरिक्त बिजली एक अक्टूबर 2026 से मार्च 2027 तक राज्य को उपलब्ध होगी।

केंद्र सरकार के आदेश के अनुसार, अक्टूबर में पांच मेगावाट, नवंबर में आठ मेगावाट, दिसंबर में 16 मेगावाट, जनवरी 2027 में 19 मेगावाट, फरवरी में 16 मेगावाट और मार्च में नौ मेगावाट अतिरिक्त बिजली उत्तराखंड को दी जाएगी। छह माह की अवधि में जनवरी में सबसे अधिक 19 मेगावाट अतिरिक्त बिजली आवंटित की गई है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य की सर्दियों की विद्युत आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त बिजली आवंटित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र से मिले अतिरिक्त विद्युत आवंटन से सर्दियों में प्रदेश में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

राज्य में सर्दियों के दौरान घरेलू और व्यावसायिक क्षेत्रों में बिजली की खपत बढ़ जाती है। इसके साथ ही जलविद्युत उत्पादन में भी मौसम के कारण उतार-चढ़ाव रहता है। ऐसे में केंद्रीय पूल से मिलने वाली अतिरिक्त बिजली राज्य की बढ़ती मांग को पूरा करने में सहायक होगी और बिजली आपूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

उत्तराखंड की विद्युत व्यवस्था में जलविद्युत की महत्वपूर्ण भूमिका है। सर्दियों में उत्पादन में संभावित कमी और बढ़ती मांग के बीच अतिरिक्त केंद्रीय आवंटन से राज्य को बिजली की उपलब्धता बनाए रखने में मदद मिलने की उम्मीद है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय