home page

पौड़ी ने जीती सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी

 | 
पौड़ी ने जीती सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी


पौड़ी गढ़वाल, 06 अक्टूबर (हि.स.)। खेल महाकुंभ-2026 के तहत रांसी स्टेडियम में आयोजित सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी का समापन हो गया। प्रतियोगिता में सबसे अधिक अंक हासिल कर पौड़ी विधानसभा की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने विजेता टीम को सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी और दो लाख रुपये का चेक प्रदान किया। खिलाड़ियों को मेडल, प्रमाणपत्र और शील्ड भी दी गई।

प्रतियोगिता में पौड़ी जिले की छह समेत कुल 11 विधानसभाओं के खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में प्रतिभाग किया। फुटबॉल, बैडमिंटन, मलखंब, एथलेटिक्स, खो-खो, कबड्डी, वालीबॉल, पिट्टू, रस्सा-कस्सी, मुर्गा झपट और गोली-कंचा प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।

सीडीओ अशोक जोशी ने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि खेलों से युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। क्षेत्र पंचायत प्रमुख अस्मिता नेगी ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।

प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पाने वाले खिलाड़ियों को 800, द्वितीय को 600 और तृतीय स्थान पाने वालों को 500 रुपये की पुरस्कार राशि डीबीटी के माध्यम से दी जाएगी। प्रथम स्थान पाने वाले खिलाड़ी और टीमें राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ में प्रतिभाग करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह