देहरादून जू में वन्यजीव सप्ताह शुरू, बच्चों ने लिया 'एक पत्ता, एक संकल्प'
देहरादून, 02 अक्टूबर (हि.स.)। देहरादून जू में आज वन्यजीव सप्ताह का शुभारंभ स्वच्छता अभियान के साथ किया गया। इस दौरान जू के अधिकारियों और कर्मचारियों ने परिसर में साफ-सफाई की।
वन्यजीव सप्ताह के तहत श्रद्धानंद बाल वनिता आश्रम के बच्चों को देहरादून जू का भ्रमण कराया गया। वरिष्ठ पशुचिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रदीप मिश्रा और रेंज अधिकारी दीक्षा भट्ट ने बच्चों को वन्यजीव संरक्षण, वन्यजीवों के महत्व और विशेष रूप से बाघ संरक्षण के बारे में जानकारी दी।
जू प्रशासन के अनुसार, इस वर्ष वन्यजीव सप्ताह के दौरान हर दिन एक वन्यजीव को केंद्र में रखकर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसका उद्देश्य बच्चों और आमजन को विभिन्न वन्यजीव प्रजातियों, उनके संरक्षण तथा उनके आवास के महत्व के प्रति जागरूक करना है।
कार्यक्रम में बच्चों के लिए वन्यजीव क्विज भी आयोजित की गई। विजेता बच्चों को पुरस्कार प्रदान किए गए। बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए वन्यजीवों से संबंधित अपनी जानकारी साझा की।
वन्यजीव संरक्षण में जनभागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से जू में ‘मेरा वन्यजीव संकल्प-एक पत्ता, एक संकल्प’ गतिविधि भी शुरू की गई है। इसके तहत आगंतुक वन्यजीव संरक्षण से जुड़े अपने छोटे-छोटे संकल्प पत्तियों पर लिखकर संकल्प वृक्ष पर लगा सकते हैं। इसके अलावा लोगों को ई-प्लेज के माध्यम से वन्यजीव संरक्षण की शपथ लेने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है।
देहरादून जू प्रशासन ने आमजन से वन्यजीव संरक्षण अभियान से जुड़ने, अपना संकल्प लेने और ई-प्लेज के माध्यम से अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है।
---
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

