वीकेंड पर जाम से जूझी मसूरी, स्थायी समाधान की मांग तेज
मसूरी, 11 जुलाई (हि.स.)। पर्यटन नगरी मसूरी में सप्ताहांत पर पर्यटकों की भारी आमद के कारण शनिवार को शहर के प्रमुख मार्गों पर लंबे समय तक यातायात जाम की स्थिति बनी रही। गांधी चौक से पिक्चर पैलेस, लाइब्रेरी चौक, इलेक्ट्रिक बस स्टैंड, इंडोर बाजार और माल रोड से जुड़े मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं, जिससे पर्यटकों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सबसे अधिक दबाव गांधी चौक से पिक्चर पैलेस मार्ग पर देखा गया, जहां कई घंटे तक वाहन रेंगते रहे। होटल पहुंचने वाले पर्यटक, स्थानीय व्यापारी, स्कूली बच्चे और दैनिक कार्यों से आने-जाने वाले लोग भी जाम में फंसे रहे। कई पर्यटकों ने कहा कि ट्रैफिक जाम के कारण उनका भ्रमण प्रभावित हुआ।
स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों का कहना है कि पर्यटन सीजन शुरू होते ही मसूरी में ट्रैफिक जाम आम समस्या बन जाती है। उनका आरोप है कि हर वर्ष यातायात सुधार के लिए योजनाओं की घोषणा की जाती है, लेकिन स्थायी समाधान अब तक नहीं हो सका है। उनका मानना है कि समस्या का समय रहते समाधान नहीं हुआ तो इसका असर मसूरी की पर्यटन छवि पर पड़ सकता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बढ़ती पर्यटक संख्या के मुकाबले यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध नहीं है। प्रमुख चौराहों पर सीमित संख्या में तैनात पुलिसकर्मी लगातार यातायात सुचारु करने का प्रयास करते रहे, लेकिन भीड़ अधिक होने के कारण व्यवस्था प्रभावित होती रही। लगातार लगने वाले जाम से पर्यटक बाजारों तक पहुंचने के बजाय समय से पहले वापस लौट जाते हैं, जिससे स्थानीय कारोबार प्रभावित हो रहा है। होटल व्यवसायियों ने भी चेतावनी दी कि यदि ट्रैफिक समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो इसका प्रतिकूल असर पर्यटन और स्थानीय आजीविका पर पड़ सकता है।
स्थानीय नागरिकों ने राज्य सरकार, जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन से पर्यटन सीजन के दौरान अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, पार्किंग व्यवस्था को मजबूत करने, शटल एवं सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने और बाहरी वाहनों के प्रवेश को व्यवस्थित करने सहित दीर्घकालिक यातायात प्रबंधन योजना लागू करने की मांग की है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

